दिल्ली: धोखे से कराया नाबालिग किशोरी से विवाह
रोचक खबर 8:39 pm
दिल्ली,आँखों देखी संवाददाता : गांधी नगर निवासी युवक को विवाह से पहले 20 वर्षीय युवती दिखाई गई, लेकिन विवाह के दौरान उसके ससुराल वालों ने उसका विवाह युवती की 15 वर्षीय बहन से करा दिया। विवाह के दौरान लंबे घूंघट के कारण वह जालसाजी का भेद न जान सका। जब घर पहुंचा, तो उसे अपने साथ हुए धोखे का पता चला और वह सन्न रह गया।
आहत युवक ने अदालत में याचिका दायर कर अपने ससुराल वालों के खिलाफ धोखाधड़ी और बाल विवाह का मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है।
अतिरिक्त जिला न्यायाधीश मनमोहन सिंह की अदालत ने मामले को गंभीरता से लेते हुए याचिकाकर्ता की पत्नी और ससुराल वालों को तलब किया है। अदालत ने उन्हें 26 अगस्त तक अदालत के समक्ष पेश होकर जवाब दाखिल करने को कहा है।
अधिवक्ता प्रवीण चौधरी और सुनील वशिष्ठ ने बताया कि गांधी नगर निवासी युवक ने अपनी पत्नी 15 वर्षीय मीना (काल्पनिक नाम) अपने ससुर और उनकी बड़ी बेटी के खिलाफ याचिका दायर की है। अपनी याचिका में युवक का कहना है कि उसकी शादी बिहार के सीतामढ़ी जिला निवासी व्यक्ति की 20 वर्षीय पुत्री से 3 फरवरी को तय हुई थी।
विवाह के दौरान फेरों के समय उसके ससुर ने उसके साथ धोखा कर बड़ी बेटी की जगह उसकी 15 वर्षीय छोटी बहन को घूंघट में बैठा दिया और उसकी शादी करा दी। जब वह शादी के बाद अपने घर पर आया और दुल्हन का घूंघट उठाया, तो उसे अपने साथ हुए धोखे का पता चला। उसने अपने ससुराल वालों को फोन किया।
10 फरवरी को परिजनों और रिश्तेदारों के साथ वह ससुराल गया और वहां कहा कि उन्होंने अपनी बेटी का बाल विवाह तो कराया ही, उनके साथ धोखा भी किया है। इस पर दुल्हन के परिजनों ने युवक के साथ मारपीट की और कहा कि चुपचाप मीना को घर ले जाएं। ऐसा न करने पर उन्होंने युवक को जान से मारने की धमकी दी।

