नई दिल्ली : कलमाड़ी को जेल मे मिला कंप्यूटर


आंखो देखी संवाददाता : तिहाड़ जेल , कॉमनवेल्थ गेम्स घोटाले के आरोप में तिहाड़ जेल पहुंचे सुरेश कलमाड़ी को जेल में कंप्यूटर पर काम करने की इजाजत मिल गई है। अब वह इस कंप्यूटर का इस्तेमाल करके कोर्ट कार्रवाई के लिए दस्तावेज तैयार कर सकते हैं। हालांकि वह इंटरनेट का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे। उन्हें जेल से कोर्ट ले जाने और वहां से जेल लाने के लिए भी अलग से गाड़ी देने पर विचार किया जा रहा है।

तिहाड़ जेल के प्रवक्ता सुनील कुमार ने बताया कि हाल ही में कलमाड़ी ने कोर्ट में आग्रह किया था कि उन्हें जेल में रहते हुए कंप्यूटर इस्तेमाल करने की सुविधा दी जाए। उन्हें कोर्ट से संबंधित कई दस्तावेज तैयार करने होते हैं इसलिए इसमें से कुछ काम ऐसा है जिसे वह खुद ही टाइप करके तैयार करना चाहते हैं।

इसके अलावा कलमाड़ी ने कोर्ट से यह भी कहा था कि उन्हें जेल से कोर्ट के लिए दूसरे कैदियों के साथ जेल वैन में न भेजकर अलग से गाड़ी दी जाए। इन सब बातों पर कोर्ट ने तिहाड़ जेल के लॉ ऑफिसर सुनील कुमार गुप्ता को आदेश दिए थे कि वह यह देखें कि जेल मैनुअल के हिसाब से उन्हें यह सुविधाएं दी जा सकती हैं या नहीं। लॉ ऑफिसर ने बताया कि हमने कोर्ट के आदेशों और जेल के कायदे कानून को देखते हुए कलमाड़ी को जेल में कंप्यूटर के इस्तेमाल करने की इजाजत दे दी है।

जेल से कोर्ट के लिए अलग गाड़ी वाली मांग पर जेल प्रशासन का कहना है कि इसके लिए दिल्ली ऑर्म्ड पुलिस की थर्ड बटैलियन तय करेगी कि उन्हें अलग से गाड़ी दी जाए या नहीं। इस मामले में डीएपी थर्ड बटैलियन के डीसीपी परवेज अहमद का कहना है कि अब तक उनके पास कोर्ट या जेल प्रशासन की ओर से ऐसा कोई लेटर नहीं आया है। अगर ऐसा लेटर आता है तो उन्हें कलमाड़ी को अलग से गाड़ी देने में कोई दिक्कत नहीं है। 2जी मामले के आरोपियों को भी दूसरे कैदियों के साथ न भेजकर अलग से वैन दी जाती है।

इस वक्त कलमाडी तिहाड़ की जेल नंबर-4 में बंद है। यहां वह हर दिन शाम को बैडमिंटन खेलते हैं। उनका साथ देने के लिए 2जी स्पेक्ट्रम मामले के आरोपी शरद कुमार आदि भी उनके साथ बैडमिंटन खेलते हैं। कलमाड़ी खुद को फिट रखने के लिए जेल के अंदर ही बने पार्क में वॉक करना भी नहीं भूलते।

Posted by गजेन्द्र सिंह at 10:41 am.

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव दिग्विजय सिंह ने सीएजी विनोद राय की नीयत पर सवाल उठाते हुए कहा कि राय राजनीतिक महत्वाकांक्षा के कारण सीएजी की रिपोर्ट लीक कर रहे हैं। रविवार को इंदौर में उन्होंने ये बात कही।

मेगास्टार अमिताभ बच्चन ने कहा है कि क्षेत्रीय फिल्मों को सहयोग और समर्थन की जरूरत है। इस वजह से वो ऐसी फिल्मों में काम के बदले पैसा नहीं लेते। अमिताभ इन दिनों 'गंगा देवी' भोजपुरी फिल्म में काम कर रहे हैं।

न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे और अंतिम टेस्ट मैच के तीसरे दिन भारत की पहली पारी 353 रनों पर सिमटी।

रोजर फेडरर और ब्रिटेन के एंडी मरे साल के चौथे और अंतिम ग्रैंड स्लैम अमेरिकी ओपन के चौथे दौर में पहुंचे।

 

2010-2011 आवाज़ इंडिया मीडिया प्रॉडक्शन. All Rights Reserved. - Designed by Gajender Singh