यूनुस खान के दोहरे शतक से बांग्लादेश के खिलाफ पाकिस्तान की स्थिति मजबूत
क्रिकेट, खेल, ताजा खबरें 10:25 am
अनुभवी बल्लेबाज यूनिस खान (नाबाद 200) के दोहरे शतक और असद शफीक के 104 रनों की पारी के बाद गेंदबाजों की सधी हुई गेंदबाजी की बदौलत पाकिस्तानी टीम जहूर अहमद चौधरी स्टेडियम में जारी पहले टेस्ट मैच के तीसरे दिन शुक्रवार को अपनी स्थिति मजबूत कर ली.
बांग्लादेश की पहली पारी में बनाए गए 135 रन के जवाब में पाकिस्तान ने अपनी पहली पारी पांच विकेट पर 594 रन बनाकर घोषित की.
दिन का खेल खत्म होने तक बांग्लादेश ने अपनी दूसरी पारी में चार विकेट पर 134 रन बना लिए थे. नजीमुद्दीन और पूर्व कप्तान शाकिब अल हसन 41-41 रन पर नाबाद लौटे. बांग्लादेश की टीम अभी भी 325 रनों से पीछे है.
बांग्लादेश की ओर से दूसरी पारी में शहरियार नफीस 28 रन, सलामी बल्लेबाज तमीम इकबाल 15 रन, नासिर हुसैन तीन रन और मोहम्मद अशरफुल खाता खोले बगैर पवेलियन लौटे. एक समय बांग्लादेशी टीम ने 80 रन पर अपने चार विकेट गंवा दिए थे. इसके बाद नजमुद्दीन और शाकिब ने पांचवें विकेट के लिए अविजित 54 रन जोड़े.
पाकिस्तान की ओर से एजाज चीमा, मोहम्मद हफीज, सईद अजमल और अब्दुर रहमान ने एक-एक विकेट झटके. इससे पहले, पाकिस्तान की ओर से दूसरे दिन के नाबाद लौटे बल्लेबाज यूनिस (96) और सफीक (40) ने तीसरे दिन के खेल की शुरुआत की. पाकिस्तान ने दूसरे दिन चार विकेट पर 415 रन बनाए थे.
यूनिस ने पहले ओवर की तीसरी गेंद पर चौका लगाकर टेस्ट करियर का 19वां शतक पूरा किया. इसके बाद उन्होंने नाबाद 200 रन पूरे किए. इस दौरान उन्होंने 290 गेंदों पर 18 चौके और तीन छक्के लगाए. यूनिस ने सफीक के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 259 रन जोड़े.
सफीक को इलियास सनी ने नफीस के हाथों कैच कराया. टेस्ट करियर का पहला शतक लगाने वाले सफीक ने 235 गेंदों पर नौ चौके और दो छक्के लगाए. बांग्लादेश की ओर से इलियास ने तीन विकेट चटकाए जबकि शहादत हुसैन और महमुदुल्लाह ने एक-एक विकेट झटके.
