प्यारेलाल व अभिनेत्री अरुणा ईरानी को लाइफटाइम एचीवमेंट अवार्ड
ताजा खबरें, मनोरंजन 12:07 am
लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल द्वय के प्रख्यात संगीतकार प्यारेलाल व अभिनेत्री अरुणा ईरानी को 57वें आईडिया फिल्मफेयर अवार्ड्स, 2012 में लाइफटाइम एचीवमेंट के पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा. अभिनेता अमिताभ बच्चन ने यह जानकारी दी है.
फिल्मफेयर पुरस्कार समारोह का आयोजन 29 जनवरी को गोरेगांव में फिल्म सिटी में होगा.
अमिताभ ने अपने ब्लॉग पर लिखा, "फिल्मफेयर उन दो हस्तियों का सम्मान करना चाहता है, जिनका हमारे फिल्मोद्योग में अहम योगदान रहा है. उन्होंने मुझसे इस सम्बंध में बात की क्योंकि मैं समारोह के दौरान मौजूद नहीं रह सकूंगा."
उन्होंने कहा, "यह लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल संगीतकार द्वय के प्यारेलाल को लाइफटाइम एचीवमेंट पुरस्कार है. दुख की बात है कि हम लक्ष्मी जी को खो चुके हैं."
अमिताभ ने कहा, "यह पुरस्कार पाने वाली दूसरी हस्ती मेरी पहली सह-अभिनेत्री रहीं अरुणा ईरानी हैं. अभिनय के क्षेत्र में वह एक निपुण कलाकार हैं.
उन्होंने बहुत सादगीपूर्ण ढंग से अपना करियर शुरू किया था और फिर प्रसिद्धि प्राप्त की. हम सभी को उन पर नाज है और सच्चाई यह है कि उन्हें भी सम्मानित किया जाएगा."
लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल द्वय ने 'चाहूंगा मैं तुझे', 'सावन का महीना', 'ये जीवन है' और 'पैसा ये पैसा' जैसे लोकप्रिय गीत दिए हैं.
अरुणा 1972 में आई फिल्म 'बॉम्बे टू गोवा में' अमिताभ के साथ मुख्य अभिनेत्री थीं. बाद में उन्होंने 'रोटी, कपड़ा और मकान', 'याराना' व 'शहंशाह' जैसी फिल्मों में सहायक अभिनेत्री की भूमिका की.

