राहुल गांधी के आजमगढ़ के शिबली कॉलेज में ठहरने पर कॉलेज को नोटिस
ताजा खबरें, राजनीति, राष्ट्रीय 10:13 am
आजमगढ़ के उप जिलाधिकारी ने कालेज प्राचार्य और कांग्रेस के जिला अध्यक्ष को नोटिस जारी किया है.
प्रशासन ने शिबली कालेज में शैक्षणिक गतिविधियों में बाधा पहुंचाने के आरोप में प्राचार्य को जिम्मेदार ठहराते हुए नोटिस जारी किया है. साथ ही 3 दिन के अंदर नोटिस का जवाब भी मांगा है.
उत्तर प्रदेश कांग्रेस समिति की अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी को भी नोटिस सौंपा गया है. गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव के चलते उत्तर प्रदेश में इस समय आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू है.
राहुल गांधी अमेठी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस सांसद भी हैं. वह उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनावों को लेकर आजकल चुनाव प्रचार दौरे पर हैं.
राहुल गांधी 10 जनवरी की रात शिबली कॉलेज के गेस्ट हाउस में ठहरे थे. लेकिन अगले दिन बटला हाउस एनकाउंटर को लेकर कॉलेज में राहुल गांधी के विरोध में जमकर नारेबाजी हुई और उनके पुतले फूंके गए. नतीजतन, कॉलेज में छात्रों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया और सिर्फ छात्राओं को राहुल गांधी से मिलने दिया गया.
