मालदीव में तख्ता पलट की आशंका के बीच राष्ट्रपति ने पद छोड़ा
ताजा खबरें, दुनिया 10:08 am
समाचार पत्र 'द संडे लीडर' के अनुसार, कोलंबो में मालदीव उच्चायोग के प्रवक्ता ने कहा कि उप राष्ट्रपति मोहम्मद वहीद फिलहाल कार्यवाहक राष्ट्रपति हैं।
मालदीव में प्रदर्शन की शुरुआत राष्ट्रपति द्वारा भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे एक न्यायाधीश की गिरफ्तारी का आदेश देने के बाद हुई। मालदीव के विपक्षी दल 'धिवेही कौमी पार्टी' (डीक्यूपी) ने समाचार पत्र 'द संडे लीडर' से कहा कि पुलिस और सेना के अधिकतर जवान राष्ट्रपति को हटाए जाने का समर्थन कर रहे हैं।
डीक्यूपी के प्रवक्ता मोहम्मद मलेच जमाल ने कहा कि नशीद के पद छोड़ने की घोषणा के बाद माले में कोई समारोह नहीं मनाया जा रहा। माले अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा और सरकारी प्रसारण सेवा भी पुलिस तथा सेना के नियंत्रण में है।
प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए सोमवार रात सेना तथा पुलिस की तैनाती की गई थी, जिसके बाद प्रदर्शन हिंसक हो गया। जमाल के मुताबिक, "करीब 800 पुलिस अधिकारी रिपब्लिक चौक के पास एकत्र हो गए। वे नशीद से इस्तीफे की मांग करने लगे। दो पुलिस अधिकारी इन अधिकारियों को आदेश दे रहे थे।"

