क्लीन स्वीप के लिए टीम इंडिया के सामने 261 रनों का लक्ष्य
खेल, ताजा खबरें 12:19 pm
बेंगलुरू। न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने एम.चिन्नास्वामी स्टेडियम में जारी श्रृंखला के दूसरे और अंतिम टेस्ट मैच के चौथे दिन सोमवार को भारत के सामने 261 रनों का लक्ष्य रखा है। कीवी टीम दूसरी पारी में 248 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। पहली पारी में मेहमान टीम को 12 रनों की बढ़त प्राप्त थी। इससे पहले, पहली पारी में 365 रन बनाने वाली न्यूजीलैंड ने तीसरे दिन रविवार का खेल खत्म होने तक अपनी दूसरी पारी में नौ विकेट पर 232 रन बनाए थे।
कल के नाबाद लौटे बल्लेबाज जीतन पटेल (10) और ट्रेंट बोल्ट (शून्य) ने तीसरे दिन के खेल की शुरुआत की। पटेल अपनी कल की रन संख्या में 12 रन और जोड़कर 22 रन के निजी योग पर जहीर खान की गेंद पर विकेट कीपर महेंद्र सिंह धौनी को कैच थमा बैठे। बोल्ट चार रन पर नाबाद लौटे।
दूसरी पारी में न्यूजीलैंड के लिए तीसरे दिन ब्रैंडन मैक्लम 23, मार्टिन गुपटिल सात, केन विलियमसन 13, कप्तान रॉस टेलर 35, डेनियल फ्लिन 31, जेम्स फ्रेंकलिन 41 और क्रूगर वान विक 31, डग ब्रेसवेल 22 और टिम साउदी दो रन बनाकर आउट हुए थे।
भारत की ओर से दूसरी पारी में रविचंद्रन अश्विन ने पांच जबकि प्रज्ञान ओझा और उमेश यादव ने दो-दो विकेट झटके। जहीर के खाते में एक विकेट गया।
इससे पहले, भारत ने पहली में 353 रन बनाए थे जिनमें विराट कोहली 103,धौनी 62, सुरेश रैना 55, वीरेंद्र सहवाग 43, सचिन तेंदुलकर 17, चेतेश्वर पुजारा नौ, जहीर सात, उमेश चार और गौतम गम्भीर का दो रन शामिल है। ओझा खाता खोले बगैर आउट हुए थे जबकि अश्विन 32 रन पर नाबाद थे।

