दक्षिण दिल्ली में बस स्टॉप के पास देसी बम बरामद
विशेष 4:01 pm
दिल्ली हाईकोर्ट के बाहर देसी बम विस्फोट की घटना के पांच दिन बाद सोमवार की दोपहर दक्षिण दिल्ली में दिल्ली विश्वविद्यालय के महिलाओं के गार्गी कॉलेज के बाहर बस स्टॉ़प के पास एक बैग में कोई पाउडर और दो पेंसिल बैटरियां मिलीं, जिसके बाद राजधानी की सुरक्षा पर फिर सवाल खड़ा हो गया है.
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि खेल गांव मार्ग पर गार्गी कॉलेज के पास एक बस स्टैंड पर बैग देखा गया. हालांकि इस बात का पता अभी नहीं लगा है कि इसमें रखी सामग्री विस्फोटक है या नहीं.
अधिकारी ने कहा, ‘इसमें कुछ पाउडर, तार और दो पेंसिल बैटरी हैं. कुछ भी आपस में जुड़ा हुआ नहीं है. हम बैग की जांच कर रहे हैं. यह किसी ऐसे शख्स की करतूत दिखाई देती है जो शरारत करना चाहता है.’
बम निरोधक दस्ता और फोरेंसिक विशेषज्ञ मौक पर पहुंच गये. पुलिस ने इलाके को घेर लिया.
इस बम को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर निष्क्रिय कर दिया है.
बताया जा रहा है कि इस देशी बम की सुतली में आग लगाने पर ही इसमें विस्फोट होता लेकिन ऐसा होने से पहले ही इस बम को पता चल गया.
ये इलाका खासा भीड़भाड़ वाला है, अगर यहां यह बम फटता तो बड़ा हादसा होने से इंकार नहीं किया जा सकता था.
सूत्रों के मुताबिक यह बम दहशत फैलाने के लिए रखा गया था.
पुलिस कमिश्नर इस मामले में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस बारे में और ज्यादा खुलासा करेंगे.
इस हादसे से लोगों में भय व्याप्त है.
गौरतलब है कि हाल ही में दिल्ली हाईकोर्ट की पार्किंग में एक कार के पास लो इंटेंसिटी का बम ब्लास्ट हुआ था. हालांकि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ था, लेकिन सुरक्षा इंतज़ामों की पोल जरूर खोलकर रख दी थी.

