एसआइटी ने गुजरात पुलिस अफसरों को दी क्लीन चिट
राजनीति 1:02 pm
अहमदाबाद, आँखों देखी संवाददाता। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल [एसआइटी] ने गुजरात पुलिस के चार आला अधिकारियों को गुलबर्ग सोसाइटी दंगा मामले में क्लीन चिट दे दी है। एसआइटी ने अपनी रिपोर्ट विशेष अदालत में दाखिल कर दी। अदालत ने 31 मई तक अपना फैसला सुरक्षित रखा है। एसआइटी की रिपोर्ट मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए भी बड़ी राहत मानी जा रही है।
गोधरा कांड के बाद राज्य में भड़के दंगों के दौरान अहमदाबाद की गुलबर्ग सोसाइटी में 28 फरवरी, 2002 को कांग्रेस के पूर्व सांसद एहसान जाफरी समेत 69 लोगों की हत्या कर दी गई थी। विशेष अदालत के न्यायाधीश बी.जे. ढांडा के समक्ष पेश जांच रिपोर्ट में एसआइटी ने अहमदाबाद के तत्कालीन पुलिस आयुक्त पी.सी. पांडे, संयुक्त पुलिस आयुक्त एम.के. टंडन, पुलिस उपायुक्त पी.बी. गोंदिया और अहमदाबाद सिटी क्राइम ब्रांच के सहायक पुलिस आयुक्त एस.एस. चूड़ास्मा को क्लीन चिट दी। एसआइटी का कहना है कि चारों पुलिस अधिकारियों के खिलाफ दंगों में लिप्त होने के कोई सुबूत नहीं मिले। एहसान जाफरी की पत्नी जकिया ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर गुलबर्ग दंगे की सीबीआइ जांच की मांग की थी। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर मामले की जांच के लिए एसआइटी और सुनवाई के लिए विशेष अदालत का गठन किया गया था।

