उम्र तीन साल वजन साठ किलो
विशेष 12:34 pm
बीजिंग, आवाज़ इंडिया : चीन में एक बच्चा ऐसा है, जिसकी उम्र तीन साल है, पर वजन किसी नवयुवक के बराबर करीब साठ किलो है। लु हाओ नाम का यह बच्चा आकार में भी अपनी उम्र के बच्चों से पांच गुना अधिक है। डॉक्टरों का कहना है कि हार्मोन के असंतुलन के कारण ऐसा हुआ है।
लु एक बार के भोजन में कम से कम तीन बड़े कटोरे चावल खा जाता है। जन्म के समय लु का वजन सामान्य बच्चे के बराबर ढाई किलो था। मगर तीन महीने बाद उसका वजन तेजी से बढ़ने लगा। उसके पिता लु युन्चेंग अपने बेटे को गोद में लेने पर पसीने में नहा जाते हैं। एक साल का होने के बाद से लु के अभिभावकों को उसकी खुराक पर निगाह रखनी पड़ती है।।
उसकी मां चेन युआन ने बताया, हम उसे पेट भर खाना खाने देते हैं। यदि उसे पर्याप्त भोजन नहीं मिलता तो वह भूख के मारे तेजी से रोने लगता है। अब मैं अपने बेटे को गोद में नहीं उठा सकती।।
उनका कहना है कि मैं और मेरे पति के परिवार में कोई भी इस प्रकार से असामान्य नहीं है। पता नहीं लु किस पर गया है। लु को पैदल चलना कतई पसंद नहीं है। उसकी मां उसे बाइक पर घुमाने ले जाती है। लु का पसंदीदा खिलौना सुपरमैन है। जब उससे पूछा गया कि क्या वह सुपरमैन की तरह बनना चाहता है तो उसने कहा, नहीं, क्योंकि मैं बहुत मोटा हूं।।
उसका वजन घटाने के लिए घर पर बास्केटबॉल खेलने का भी इंतजाम किया गया। मगर वजन घटना तो दूर, खेलकर उसे और ज्यादा भूख लगने लगती है। मां-बाप सोच में पड़े हैं कि आगे क्या करें?

