इस्लामाबाद : आतंकवादी इलियास कश्मीरी की मौत
6:09 pm
इस्लामाबाद, आँखों देखी न्यूज़ : पाकिस्तान के कबायली इलाके उत्तर वजीरिस्तान में अमरीकी ड्रोन विमानों के हमले में अमरीका का टॉप मोस्ट वांटेड इलियास कश्मीरी सहित नौ आतंकवादी मारे गए हैं। हालांकि इलियास के मारे जाने की अमरीका और पाकिस्तान की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। कश्मीरी आतंकवादी गुट हरकत-उल-जेहाद अल इस्लामी का सरगना है और उसे हाल ही पाकिस्तानी के कराची में मेहरान नौसेना अड्डे पर हुए हमले का मास्टर माइंड बताया जा रहा था। उत्तर वजीरिस्तान के एक वरिष्ठ अधिकारी ने एक न्यूज चैनल को बताया कि शुक्रवार देर रात वाना से करीब 20 किलोमीटर दूर लमन इलाके में अमरीकी ड्रोन विमानों ने आतंकवादियों को उस समय निशाना बनाया जब वे चाय पी रहे थे।
उन्होंने बताया कि इस हमले में नौ आतंकवादी मारे गए, जिसमें हरकत-उल-जेहाद-अल इस्लामी के इलियास कश्मीरी के मारे जाने की भी खबर मिल रही है। अधिकारी के मुताबिक ड्रोन विमानों ने पहले दो मिसाइल फायर किए और फिर कुछ समय बाद और मिसाइल फायर किए। उन्होंने बताया कि मरने वाले सभी पंजाबी तालिबान बताए जा रहे हैं, लेकिन अभी तक यह पता नही चल सका है कि वे उत्तर वजीरिस्तान के बाग इलाके में कैसे पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जब वे घटनास्थल पर पहुंचे तो वहां मौजूद कुछ आतंकियों ने उन्हें बताया कि मरने वालों में इलियास कश्मीरी भी हैं, जो हमले से आधा घंटे पहले इस इलाके में पहुंचे थे।
अमरीकी विदेश मंत्रालय हकत-उल-जेहाद अल इस्लामी को भारत और पाकिस्तान में हुए कई आतंकी हमलों का जिम्मेदार समझता है, जिसमें 2006 में कराची में अमरीकी वाणिज्य दूतावास पर हमले में भी शामिल है। मुंबई हमलों में भी इलियास कश्मीरी के शामिल होने की बात भारत कहता रहा है। पिछले सप्ताह अमरीकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन की पाकिस्तान यात्रा के बाद अमरीका और पाकिस्तान ने शीर्ष आतंकी सरगनाओं को निशाना बनाने के लिए एक साझा दल का गठन किया था। इन आतंकी सरगनाओं में अल कायदा के अयमान अल जवाहिरी, आतिया अब्दुर्रहमान, तालिबान प्रमुख मुल्ला उमर, सिराज हक्कानी और इलियास कश्मीरी शामिल हैं। &nbह्यp;

