जंतर मंतर सड़क को पूरी तरह से किया बंद
राजनीति 8:14 am
शनिवार की देर रात बाबा रामदेव को गिरफ्तार करने के लिए रामलीला मैदान पर धारा 144 लागू कर दिया था. इसका मतलब यह है कि अब वहां कोई समूह नहीं रुक सकता. ऐसा होने पर निषेधाज्ञा भंग होने की आशंका में उसे गिरफ्तार किया जा सकता है. रामलीला मैदान में धारा 144 लागू होने के बाद भी रविवार को बाबा रामदेव के कुछ समर्थक डटे रहें.
करीब तीन चार हजार समर्थकों ने अभी भी रामलीला मैदान नहीं छोड़ा है. ऐसा संभवत: इसलिए क्योंकि वहां से ये सत्याग्रही जंतर मंतर जाने की तैयारी कर रहे थे लेकिन उन्हें बताया गया कि जंतर मंतर पर भी निषेधाज्ञा लागू है इसलिए वे वहां नहीं जा सकते.
जंतर मंतर ही दिल्ली में एक ऐसी जगह है जहां विरोध प्रदर्शन करने के लिए सरकार से परमीशन नहीं लेनी होती है बल्कि प्रदर्शनकारी के पास खुद स्थानीय संसद मार्ग थाने के पुलिस कर्मचारी पहुंचकर उनके बारे में जानकारी नोट करते हैं.
हाल में ही दिल्ली सरकार ने जंतर मंतर पर तब कहर ढाया था जब यह नियम लागू कर दिया कि अब कोई भी प्रदर्शनकारी सिर्फ सुबह 10 से शाम 5 बजे तक ही प्रदर्शन कर सकता है. लेकिन अब सुबह दस से शाम पांच बजे के प्रदर्शनों पर भी रोक लगा दी है.
सरकार से जुड़े सूत्रों का कहना है कि अगले आठ दिनों तक जंतर मंतर पर निषेधाज्ञा लागू रहेगी. उसका उल्लंघन करनेवालों को पुलिस गिरफ्तार कर लेगी. हालांकि अन्ना हजारे ने रविवार को ही घोषणा की है कि वे दोबारा जंतर मंतर पर अनशन करेंगे आठ जून को. लेकिन इस बार अन्ना का जंतर मंतर पहुंचना निश्चित रूप से मुश्किल होगा.

