हरिद्वार : बाबा रामदेव को मिली अस्पताल से छुट्टी
7:04 pm
हरिद्वार , आँखों देखी संवाददाता : बाबा रामदेव को आज देहरादून के हिमालयन अस्पताल से छुट्टी मिल गई। उनका इलाज कर रहे डॉक्टरों ने उन्हें सलाह दी है कि वे सात दिन पूरी तरह आराम करें। डॉक्टरों ने इस बीच उन्हें योग खासकर प्राणायाम नहीं करने की सलाह दी है। डॉक्टरों ने कहा कि वे पूरी तरह सामान्य हैं।
अस्पताल से निकलने के बाद बाबा मीडिया से मुखातिब हुए। उन्होंने कहा कि रामलीला मैदान पर हुए लाठीचार्ज के बाद कई लोग लापता हैं और सरकार को उनकी खोज करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि रामलीला मैदान पर हुई घटना को वे कभी भूल नहीं सकेंगे। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई को बर्बर बताया। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ उनकी जंग अंतिम सांस तक जारी रहेगी। बाबा ने कहा कि यदि काला धन देश में वापस आया, तो इससे देश को ही लाभ होगा। बाबा रामदेव ने कहा कि उन्होंने विदेशों में जमा काला धन को वापस लाने, भाषा के नाम पर पक्षपात मिटाने की मांगों पर अनशन किया। यह पूरी तरह राष्ट्रहित में है। उन्होंने गंगा की रक्षा के लिए जान देने वाले स्वामी निगमानंद को भी श्रद्धांजलि अर्पित की।
बाबा देहरादून से सीधे पतंजलि योगपीठ पहुंचे। उनके सहयोगी आचार्य बालकृष्ण ने बताया कि 4-5 दिन तक बाबा ज्यादातर समय मौन रहेंगे और आराम करेंगे। इस बीच कोई प्रेस कांफ्रेंस भी नहीं होगी।
अन्ना ने कहा सोते हुए लोगों पर लाठीचार्ज केंद्र की तानाशाही
इसी बीच समाजसेवी अन्ना हजारे ने फिर एक बार केंद्र पर हमला किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने रामलीला मैदान पर सोते हुए लोगों पर लाठीचार्ज करवाकर तानाशाही रवैये का परिचय दिया।

