चीनी युवक ने भारतीय महिला के चेहरे पर थूका
दुनिया, विशेष 7:12 pm
फ्लशिंग (अमेरिका). अमेरिका के फ्लशिंग इलाके में चीनी मूल के एक युवक ने सुषमा ठुकराल नाम की भारतीय मूल की महिला के चेहरे पर थूक दिया।
किसेना बोलेवर्ड-बीच एवेन्यू के चौराहे पर सुषमा की गाड़ी के आगे यह युवक आकर खड़ा हो गया। सुषमा का कहना है कि उन्होंने कुछ देर इंतजार करने के बाद हॉर्न बजाया। लेकिन चीनी मूल के युवक पर इसका कोई असर नहीं पड़ा। उलटे उसने ड्राइवर सीट के करीब आकर उनके चेहरे पर थूक दिया और गालियां भी दीं।
सुषमा का कहना है कि उन्हें डर था कि स्थानीय लोग इस विवाद के बाद उनसे बदला ले सकते हैं। इसलिए उनके 17 साल के बेटे सोराब ठुकराल ने लोहे की रॉड से दुकान का शटर बंद कर दिया। इस बीच सुषमा ने पुलिस को सूचना दे दी।
सुषमा फ्लशिंग में एशियन फूड्स इन चेरी एवेन्यू की मालकिन हैं। गौरतलब है कि फ्लशिंग में चीनी मूल के लोगों की बड़ी संख्या है। यहां पहुंची पुलिस ने चीनी युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस सोराब को भी ले गई। हालांकि, चार घंटे बाद ही उसे छोड़ दिया गया।
चीनी युवक का आरोप है कि सोराब ने उसे लोहे के रॉड से मारने की कोशिश की थी। जबकि सोराब की मां ने इस दावे को झूठ बताया है।
फ्लशिंग इलाके में ही मई में 18 साल की कृतिका विश्वास को हिरासत में ले लिया गया था। कृतिका पर अपने स्कूल के ही टीचर को नफरत भरे ईमेल भेजने का आरोप लगा था। कृतिका एक भारतीय राजनयिक की बेटी हैं।
आपकी राय
अमेरिका में भारतीय और भारतीय मूल के लोगों के साथ बुरे बर्ताव का यह सिलसिला कब थमेगा? अमेरिका तमाम तरक्की के बावजूद रंगभेद और नस्लभेद को खत्म क्यों नहीं कर सका है? इन घटनाओं पर भारत सरकार के रुख को लेकर आप क्या सोचते हैं? इन मुद्दों पर अपनी संतुलित राय जाहिर करें। टिप्पणी के लिए आप खुद जिम्मेदार होंगे।

