जहीर और श्रीशांत कैरिबियाई टूर से 'आउट
6:43 pm
नई दिल्ली , आँखों देखी संवाददाता : वर्ल्ड कप के तुरंत बाद इंडियन प्रीमियर लीग के चौथे सीजन का आयोजन का खमियाजा अब टीम इंडिया भुगत रही है। वेस्ट इंडीज टूर पर वन डे और टी-20 सीरीज के लिए बीसीसीआई ने दूसरे दर्जे की टीम भेजी और अब टेस्ट सीरीज के लिए भी कम अनुभवी खिलाडि़यों से कोच डंकन फ्लेचर को अपनी पहली टेस्ट सीरीज जीतने की रणनीति बनानी होगी। शुक्रवार को अनुभवी मीडियम पेसर जहीर खान और उनके युवा साथी एस. श्रीशांत चोट के कारण कैरिबियाई टूर से बाहर हो गए। बोर्ड ने वेस्ट इंडीज में मौजूद पेसर प्रवीण कुमार के साथ युवा गेंदबाज अभिमन्यु मिथुन को टेस्ट सीरीज के लिए टीम में चुन लिया है।
बीसीसीआई के सचिव एन. श्रीनिवासन ने एक बयान जारी करके कहा, 'जहीर के दाएं घुटने में समस्या है, जबकि श्रीशांत दाएं हाथ की कोहनी की समस्या से जूझ रहे हैं। इन दोनों खिलाडि़यों को कुछ समय के लिए रिहैबिलिटेशन प्रक्रिया से गुजरना होगा।' इन दोनों खिलाडि़यों की जगह अभिमन्यु मिथुन और प्रवीण कुमार को टेस्ट टीम में शामिल किया गया है। टीम इंडिया को पहला टेस्ट मैच 24 जून से किंग्सटन स्थित जमैका के सबीना पार्क में खेला जाएगा।
वीरेंद्र सहवाग, गौतम गंभीर, युवराज सिंह पहले से घायल हैं। ऐसे में टेस्ट टीम की बल्लेबाजी पहले ही कमजोर हो गई थी, लेकिन जहीर और हरभजन सिंह की अगुवाई में टीम इंडिया का बोलिंग अटैक पूरा था। मगर जहीर खान और श्रीशांत के चोटिल होकर टीम से हटने के बाद टीम इंडिया को टेस्ट सीरीज खेलने से पहले ही तगड़ा झटका लग गया है। प्रवीण कैरिबियाई टूर पर वन डे सीरीज में खेल रहे हैं, लेकिन उनकी लाइन लेंथ सही नहीं दिख रही है। वैसे भी उन्हें क्रिकेट के लंबे फॉमेर्ट के लिए अच्छा ऑप्शन नहीं माना जाता है, जबकि अभिमन्यु को अभी इंटरनैशनल करियर की शुरुआत करनी है। ऐसे में मुनफ पटेल ही एकमात्र भरोसे के मीडियम पेसर टीम इंडिया में है, जबकि इशांत शर्मा उनका साथ दे सकते हैं।

