अमेरिका ने फिर किया पाकिस्तान की वायु सीमा का उल्लंघन
दुनिया 7:39 am
लादेन पर हुए हमले के बाद पाकिस्तान की चेतावनी को दरिकनार करते हुए अमेरिका ने फिर से उसकी वायु सीमा का उल्लंघन किया है. अमेरिका की अगुवाई में नाटो सैनिकों ने मंगलवार को पाकिस्तान की वायु सीमा में घुसकर हमले किए. ऐसी खबर है कि यह हमला ओसामा बिन लादेन हुए हमले जैसा ही है. पाक वायु सीमा का उल्लंघन करते हुए पाकिस्तान के उत्तरी वजीरिस्तान में नाटो सैनिकों के दो हेलीकॉप्टर घुसे.
इस दौरान अल कायदा के करीबी माने जाने वाले तालिबान के बेहद खतरनाक धड़े हक्कानी नेटवर्क से जुड़े पांच आतंकवादियों को हिरासत में लिया गया है. आरोप है कि हक्कानी नेटवर्क ही अफगानिस्तान में अमेरिकी सैनिकों पर जानलेवा हमले करता रहा है. खबर यह भी है कि अमेरिकी सैनिक इन तालिबानी आतंकियों को गिरफ्तार कर अफगानिस्तान ले गए हैं.
अमेरिका की अगुवाई में नाटो सैनिकों के इस हमले की जानकारी पाकिस्तान सरकार को नहीं दी गई थी. बीते 2 मई को ऐबटाबाद में हुई कमांडो कार्रवाई में लादेन के मारे जाने के बाद पाकिस्तान ने धमकी दी थी कि यदि फिर से ऐसा हमला हुआ तो इसके गंभीर परिणाम होंगे. लेकिन अमेरिका ने भी इसके जवाब में कह दिया था कि वह जरूरत पड़ी तो भविष्य में भी आतंकवादियों को पकड़ने के लिए पाकिस्तान में ऐसे हमले करते रहेंगे. नाटो के ताजा हमले के बाद पाकिस्तान और अमेरिका के बीच तनाव बढ़ने की आशंका है.
मीडिया में आ रही खबरों के मुताबिक नाटो के हेलीकॉप्टर उत्तरी वजीरिस्तान के गोरवीत इलाके में उतरे और पांच तालिबानी आतंकियों को पकड़ लिया. उत्तरी वजीरिस्तान के प्रतिनिधि ने इस घटना की पुष्टि की है. इस्लामाबाद स्थित अमेरिकी दूतावास ने नाटो सैनिकों के हेलीकॉप्टरों द्वारा पाक वायु सीमा की उल्लंघन की खबरों को गलत करार दिया है.अमेरिकी दूतावास के प्रवक्ता ने कहा कि दूतावास ने अफगानिस्तान स्थित संयुक्त सेनाओं से इसकी पड़ताल की तो पता चला कि उत्तरी वजीरिस्तान में ऐसी कोई घटना नहीं हुई है

