सत्य साईं ट्रस्ट से फिर मिले करोड़ों रूपये
6:47 pm
बंगलुरु, आँखों देखी संवाददाता : पुलिस के एक ड्राइवर से करीब 35 लाख रुपए बरामद करने के बाद, एक दूसरी घटना में अनंतपुर पुलिस ने दो बोरों में भरे करोड़ों रुपए बरामद किए हैं। यह रकम 5 से 10 करोड़ के बीच बताई गई है। रकम पुट्टपर्थी से बंगलुरु जा रही वॉल्वो बस से बरामद की गई और माना जा रहा है कि इस रकम का संबंध भी सत्य साईं बाबा ट्रस्ट से है। पुलिस ने दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया है, जो तमिलनाडु के निवासी हैं। पुलिस उनसे अनंतपुर में अज्ञात स्थान पर पूछताछ कर रही है।
सत्य साईं ट्रस्ट में काफी गड़बड़ियों की आशंका है। एक गाड़ी से 35 लाख रुपए बरामद करने के बाद, अब पुलिस ने फिर बड़ी नगदी बरामद की है। सरकारी बस में सफर कर रहे इन व्यक्तियों को पुट्टपर्थी से 12 किलोमीटर दूर कोथाचेरुवु में गिरफ्तार किया गया है। सूत्रों के अनुसार पुलिस को बड़ी रकम ले जाने की जानकारी थी और पुलिस ने बंगलुरु जा रही बस को रास्ते में रोका और जांच की। जांच में यह रकम मिलने के बाद, पुलिस ने दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया।
35 लाख मिलने की भी चल रही है जांच
अनंतपुर पुलिस ड्राइवर हरीश नंदा शेट्टी, जिसके पास से 35 लाख रुपए बरामद किए गए थे, से पूछताछ कर रही है। शेट्टी ने सत्य साईं इंस्टीट्यूट के एक ड्राइवर शेखर के बारे में बताया, जिसने उसे यह रकम दी थी। इसके बाद पुलिस ने शेखर को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार शेट्टी, उडुपी का रहने वाला है और बंगलुरु की एक कंस्ट्रक्शन कंपनी का कर्मचारी है। यही कंपनी पुट्टपर्थी में साईं बाबा की समाधि बना रही है और इसी सिलसिले में कर्मचारियों को लेकर ड्राइवर पुट्टपर्थी आया था।
रकम के साथ जब्त की गई गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर एचपी-66-0999, हिमाचल प्रदेश का है। यह मनाली की हिमाचल जॉइंट वेंचर्स के नाम पर दर्ज है। इसे कुल्लु के ट्रांसपोर्ट ऑफिस में 10 दिसंबर 2002 को रजिस्टर करवाया गया था। कागजों में पता परबती प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड दर्ज है।
आपका मत
क्या आप मानते हैं कि सत्य साईं बाबा ट्रस्ट में काफी गड़बड़ियां चल रही हैं? क्या सरकार को पूरे ट्रस्ट और उससे जुड़ी संपत्ति को अपने कब्जे में नहीं ले लेना चाहिए? इन सभी मुद्दों पर आप भी दे सकते हैं अपना मत। लेकिन किसी भी आपत्तिजनक टिप्पणी के लिए पाठक स्वयं जिम्मेदार होंगे।

