पेट्रोलियम पदार्थों में हुई बढ़ोत्तरी के विरोध में भाजपा ने किया प्रदर्शन
4:06 pm
लखनऊ,आँखों देखी संवाददाता : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सूर्य प्रताप शाही ने केन्द्र की यूपीए सरकार की ओर से डीजल पर तीन रूपए, मिट्टी तेल पर दो रूपए और गैस सिलिंडर पर 50 रूपए की बढोत्तरी को आम आदमी और गरीब आदमी के घर से रौशनी छीनने, भूख की आग में झोंकने वाला कदम बताया है।
शाही ने कहा कि कांग्रेस का नारा ..कांग्रेस का हाथ-आम आदमी के साथ.. छलावा है। ..कांग्रेस का हाथ आम और गरीब आदमी के साथ नहीं होकर गरीब के गले को दबाने वाला.. साबित हो रहा है। कांग्रेस सरकार ने बार-बार जनता की कमर तोड़ने का काम किया है। एक महीने में पेट्रोलियम पदार्थ की कीमत में दो बार बढ़ोत्तरी जनता के साथ धोखा है।
उन्होंने कहा कि महंगाई से जनता कराह रही है1 केन्द्र सरकार की नीतियां आम आदमी की दुश्मन हो गई है। बढ़ती महंगाई के कारण आम आदमी का जीना मुश्किल हो गया है। जबकि सरकार है कि महंगाई को कम करने के बजाय लगातार बढ़ा रही है। जिसकी वजह से आर्थिक दबावों के चलते किसान, बेरोजगार और गरीब आत्महत्या कर रहे हैं।
शाही ने कहा कि केरोसिन पर मूल्य वृद्धि से गरीबी रेखा से नीचे जीने वाले लोगों के घर की रौशनी छिन जाएगी। रसोई गैस पर मूल्य वृद्धि के कारण आम आदमी के घर में चूल्हे जलने बंद हो जाएंगे। किसान महंगी खेती की वजह से आत्महत्या करने पर विवश है। डीजल पर मूल्यवृद्धि के चलते कृषि उत्पादन घटेगा और किसानों के परिवार तबाह हो जाएंगे।

