गरीब छात्रों को नहीं चुकाना पड़ेगा एजुकेशन लोन
शिक्षा 5:05 pm
नई दिल्ली, आँखों देखी संवाददाता : कमजोर आय वर्ग के छात्रों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए केंद्रीय मानव संसाधन मंत्रालय ने एजुकेशन लोन पर शत-प्रतिशत सब्सिडी देने का फैसला किया है। पिछले साल से शुरू की गई इस योजना के तहत सिर्फ उन्हीं छात्रों को फायदा मिलेगा, जिनकी पारिवारिक आय 4.5 लाख रुपए सालाना से कम है।
भारतीय बैंकों के संगठन आईबीए की एजुकेशन लोन स्कीम के तहत देश के प्रतिष्ठित पेशेवर एवं तकनीकी शैक्षणिक संस्थानों में उच्च शिक्षा हासिल करने के लिए अधिसूचित बैंकों से दस लाख रुपए तक का लोन मुहैया कराया जाता है। योजना के तहत आवेदन दाखिल करने की अंतिम तिथि 20 जुलाई 2011 तय की गई है।
मानव संसाधन मंत्रालय ने सभी राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों को इस योजना की जानकारी सभी जिला स्तरीय सलाहकार समितियों तक पहुंचाने को निर्देशित किया है। पात्र विद्यार्थी बैंकों की संबंधित शाखाओं से योजना की विस्तृत जानकारी हासिल कर सकते हैं। केनरा बैंक को इस योजना के लिए नोडल बैंक बनाया गया है, जो आईबीए के अन्य सदस्य बैंकों के लिए छात्रों के अकाउंट के लिए ब्याज का भुगतान हासिल करेगा। योजना की विस्तृत जानकारी मानव संसाधन मंत्रालय की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है।

