अशोकनगर : कीचड़ में फंसने से 16 काले हिरणों की मौत
4:56 pm
अशोकनगर, आँखों देखी न्यूज़ : पिछले दो दिनों से जारी बारिश स्वतंत्र रूप से विचरण कर रहे हिरणों के लिए मुसीबत बन गई है। कीचड़ में फंसने के कारण जिले में 16 काले हिरणों की मौत हो गई।
वन विभाग के मुताबिक बारिश के दौरान खेतों के कीचड़ एवं दलदल में फंसने पर उसमें निकलने का प्रयास करते हुए अलग-अलग स्थानों पर एक साथ कई हिरण मर गए। बारिश थमने पर ग्रामीणों से सूचना के आधार पर मौके पर पहुंचे वनकर्मियों ने सभी स्थानों से हिरणों के शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय स्थित पशु अस्पताल लाया गया है। खास बात यह है कि यह उसी प्रजाति (ब्लैक बक) के हिरण थे, जिसके शिकार के आरोप में सलमान खान को सजा भुगतना पड़ी थी।
वन विहीन क्षेत्र होने से बने ऐसे हालात
जिले की शाढ़ौरा तहसील एवं पिपरई कस्बे के नजदीकी क्षेत्रों में ब्लैक बक प्रजाति के हिरण बड़ी संख्या में पाए जाते हैं। लेकिन यह इलाका वन परिक्षेत्र न होकर राजस्व एरिया में शुमार है। इसके चलते यहां पहले भी अलग-अलग घटनाओं में इस खास प्रजाति के हिरणों की मौत हो चुकी है। विभाग के मुताबिक बुधवार, गुरुवार को हुई लगातार बारिश के चलते शाढ़ौरा से लगे श्योपुर चक्क, बलदार (शाढ़ौरा), करख्या, कचनार आदि गांवों में 16 हिरणों की मौत हुई है।
नहीं हुई वनप्राणियों की गणना
जिले में बड़ी संख्या में इस खास प्रजाति के हिरण पाए जाते हैं। लेकिन वनविभाग द्वारा आज तक उनकी गणना नहीं कराई गई है। विभाग द्वारा इसके पीछे तर्क दिया जाता है कि जिस इलाके में हिरण पाए जाते हैं, वह राजस्व क्षेत्र है।
अचानक आए मानसून से हादसा
किसानों ने खरीफ फसलों की बुवाई के लिए खेतों में गहरी जुताई कर दी थी, अचानक आए मानसून और निरंतर बारिश के कारण खेतों में दलदल बन गया। इसके चलते करीब चार स्थानों पर हिरणों के झुंड उस दलदल में फंस कर रह गए और उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम में भी इस बात की पुष्टि हुई है। यह सभी काले हिरण (ब्लैक बक) हैं, जो वन प्राणियों की प्रथम अनुसूची में दर्ज हैं।
- केशव सिंह, डीएफओ अशोकनगर

