फर्जी पासपोर्ट पांच हजार में
6:35 pm
पूर्णिया , महज पांच से दस हजार रुपये में हैदराबाद व बेंगलूर में फर्जी पासपोर्ट बन रहे हैं। बिहार के पूर्णिया जिले में तीन दर्जन से ज्यादा लोगों ने अपने नाम व पते बदलकर वहां से न केवल फर्जी पासपोर्ट हासिल किये, बल्कि इन पर कई बार खाड़ी देशों की यात्रा भी की। इसका रहस्योद्घाटन किशनगंज जिले के कोचाधामन में फर्जी पासपोर्ट के साथ मंगलवार को पकड़े गए मुहम्मद तबरेज ने किया है।
तबरेज किशनगंज के नाई टोला, टुपामारी का रहने वाला है। उसने 2006 में हैदराबाद से मुहम्मद अजहरुद्दीन के नाम पर पासपोर्ट हासिल किया। इस पर उसने तीन बार दुबई की यात्रा भी की। तबरेज के अनुसार उसके गांव के दो दर्जन तथा आसपास के कई अन्य गांवों के एक दर्जन अधिक लोगों ने हैदराबाद एवं बेंगलूर से फर्जी पासपोर्ट हासिल किये हैं। गांव के कई लोग इस धंधे में शामिल हैं। किशनगंज के एसपी रंजीत कुमार मिश्रा ने बताया कि तबरेज के पास से अमीरात बैंक का एक एटीएम कार्ड भी बरामद किया गया है। पुलिस को आशंका है कि तबरेज फर्जी पासपोर्ट का धंधा करने वाले गिरोह का सदस्य या सरगना है। उसके सहयोग से आतंकियों को फर्जी पासपोर्ट मुहैया कराने से इंकार नहीं जा सकता। इस बाबत उससे खुफिया जांच एजेंसियां पूछताछ कर रही हैं। पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेने पर विचार कर रही है।

