आस्ट्रेलिया में हुआ उड़नेवाली 'होवरबाइक" का आविष्कार
दुनिया, रोचक खबर 8:10 pm
इस प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद ट्रैफिक जाम बीते दिनों की बात हो जाएगी. क्रिस्टोफर मैलॉय नामक इस आविष्कारक ने इस प्रोजेक्ट पर अपने जीवनभर की कमाई लगा दी. इसे पूरा करने में उन्हें ढाई साल लगे हैं.
उनका यह आविष्कार, जिसे 'होवरबाइक" नाम दिया गया है, 10,000 फीट की ऊंचाई तक पहुंच सकती है. इसकी अधिकतम गति होगी 100 मील प्रति घंटा. मैलॉय द्वारा तैयार इस अद्भुत डिजाइन के प्रशंसक पहले ही इसकी तुलना स्टार्स वार के सीक्वेल 'रिटर्न ऑफ द जेडी" की 'स्पीडर बाइक्स" तथा बैक टु द फ्यूचर की होवरिंग कार से कर चुके हैं.
32 वर्षीय इस पूर्व हेलीकॉप्टर पायलट ने यह हैरतअंगेज मशीन सिडनी स्थित अपने घर के गैराज में कार्बन फाइबर एयरफ्रेम तथा बीएमडब्लू इंजन से तैयार की है. अत्याधुनिक इस मशीन के इस नमूने की क्षमता र्इंधन की एक टंकी से 45 मिनट में 92 मील उड़ने की है. फिलहाल इसकी कीमत 45,000 पौंड रखी गई है.
270 किलो वजनी इस बाइक का अभी केवल एक बार परीक्षण किया गया. परीक्षण के दौरान इसे रस्सियों के सहारे जमीन पर बांधा गया था ताकि यह बहुत ऊपर न उड़ जाए. अब जल्दी ही बिना किसी रोक के इसका पूर्ण परीक्षण किया जाएगा. इसके निर्माता के अनुसार इस होवरबाइक का निर्माण पूरी सुरक्षा को ध्यान में रखकर किया गया है.
इसके एयरफ्रेम में दो एक्सप्लोसिव पैराशूट जुड़े हुए हैं और राइडर चाहे तो अपना पैराशूट भी पहन सकता है. मैलॉय के मुताबिक, 'मैंने अभी इसका परीक्षण जमीन पर ही फीते बांधकर किया है क्योंकि मैं 100 फीसद आश्वस्त नहीं हूं कि क्या होगा."

