नाबालिग लड़की की कीमत पच्चीस हजार
6:13 pm
कापसहेड़ा इलाके में एक नाबालिग लड़की को अगवा कर उसकी कीमत पच्चीस हजार रुपये लगा दी गयी.
हालांकि उसे बेचा जाता इससे पहले पुलिस किडनेपर्स तक पहुंच गयी. इस मामले में पुलिस ने लड़की को सकुशल मुक्त करा दो महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. उनकी पहचान कविता (28), अनु (20) व संगीत (24) के रूप में हुई है. तीनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है.
दक्षिण पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त अनिल कुमार ओझा ने बताया कि 13 जुलाई को एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग बेटी की गुमशुदगी दर्ज करायी थी. यह लड़की 12 जुलाई की शाम से लापता थी. इस मामले में पीडि़त ने दो महिलाओं पर शक जाहिर किया. इसके बाद पुलिस ने अनु व कविता के बारे में जानकारी एकत्रित करना शुरू कर दिया.
जांच के दौरान पुलिस को मालूम हुआ कुछ दिन पहले ही अनु कापसहेड़ा से मॉडल टाउन शिफ्ट हो गयी थी. तो वहीं दूसरी महिला भी अपना कमरा बदल चुकी थी. इनके बारे में जानकारी एकत्रित कर पुलिस ने उक्त तीनों आरोपी को शुक्रवार सुबह गिरफ्तार कर लिया. बाद में पूछताछ के दौरान कविता ने खुलासा किया कि वह इस लड़की को पहले से जानती थी.
एक दिन अनु ने कविता व नाबालिग लड़की को अपने रिश्तेदार को अस्पताल में देखने के लिये चलने की बात कही. वह लड़की झांसे में आ गयी जो उनके साथ चल दी. ये दोनों महिलाएं लड़की को मॉडल टाउन ले गयी जहां उसे एक कमरे में रखा गया. उसे कमरे से बाहर नहीं निकलने दिया जाता था.
यहां कमरे में रखे जाने के दौरान लड़की ने दोनों महिलाओं व एक पुरुष को उसे बेचने के लिये सौदा किये जाने की बात सुन ली. वे लड़की को पच्चीस हजार रुपये में बेचना चाहते थे, जबकि खरीदार पंद्रह हजार पर अड़ा था. शुक्रवार रात एक सूचना पर पुलिस ने इस लड़की को धौलाकुंआ इलाके में छापा मार मुक्त करा आरोपियों को धर दबोचा.

