गांव के जंगल में दिखा तेंदुआ ग्रामीणों में दहशत
6:47 pm
सरूरपुर : हिंडन नदी खादर क्षेत्र में तेंदुआ दिखाई देने से ग्रामीणों में भय व्याप्त है। इसके चलते किसान खेतों पर समूह बनाकर जा रहे हैं। खौफजदा ग्रामीणों ने वन अधिकारियों से तेंदुआ पकड़वाने की मांग की है।
बपारसी निवासी नरेन्द्र, रामकुमार, सतपाल, सोनू, रामेश्वर आदि ने बताया कि वह पाचली गांव के जंगल में चारा लेने गए थे। इसी बीच गन्नों के खेत से आवाज आयी। उन्होंने जाकर देखा तो वहां तेंदुआ बैठा हुआ था। उसे देखते ही उनके पैरों तले की जमीन सरक गई। खेत से निकलने के बाद अन्य लोगों को मामले की सूचना दी। ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर उसकी तलाश की, मगर तेंदुए का पता नहीं चला। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने इसकी सूचना वन विभाग को दी थी। लेकिन देर शाम तक कोई भी मौके पर नहीं पहुंचा। उधर, वन क्षेत्राधिकारी बनारसीदास शाक्य का कहना है कि ऐसे जीव वनों से कभी-कभी बाहर आ जाते हैं। जिस कारण दिन भर में यह जानवर 20-25 किमी की दूरी तय कर लेता है। हो सकता है यहां के जंगल में तेंदुआ दिखाई दिया हो और किसानों को देख कर भाग गया हो।

