विदेशी मुद्रा भंडार 1.61 अरब डालर बढ़कर 318.22 अरब डालर
व्यापार 10:43 am
इससे पिछले सप्ताह के दौरान विदेशी मुद्रा भंडार 62.1 करोड़ डालर घटकर 316.60 अरब डालर पर आ गया था.
पिछले तीन सप्ताहों में विदेशी पूंजी भंडार में पहली बार वृद्धि हुई है. पिछले दो सप्ताहों में विदेशी पूंजी भंडार में क्रमश: 62.1 करोड़ और 1.86 अरब डॉलर की कमी आई थी. भंडार 29 जुलाई को समाप्त सप्ताह में अब तक के सर्वाधिक 319.08 अरब डॉलर स्तर तक पहुंच गया था.
भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा जारी साप्ताहिक आंकड़े के मुताबिक आलोच्य सप्ताह में विदेशी पूंजी भंडार का सबसे बड़ा घटक विदेशी मुद्रा भंडार 1.58 अरब डॉलर बढ़कर 285.25 अरब डॉलर हो गया.
विदेशी मुद्रा भंडार को डॉलर में अभिव्यक्त किया जाता है और भंडार में मौजूद यूरो, येन जैसी प्रमुख विदेशी मुद्राओं के मूल्य में वृद्धि या कमी होने से कुल भंडार में वृद्धि या कमी होती है.
विशेष निकासी अधिकार का मूल्य इस अवधि में 1.9 करोड़ डॉलर बढ़कर 4.63 अरब डॉलर तथा अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष में जमा भंडार का मूल्य 1.2 करोड़ डॉलर बढ़कर 2.98 अरब डॉलर हो गया.
इस अवधि में हालांकि स्वर्ण भंडार का मूल्य 25.35 अरब डॉलर पर स्थिर रहा.

