लोकतंत्र की जीत, अन्ना आज तोड़ेंगे अनशन
राष्ट्रीय 10:42 am
अन्ना रविवार सुबह 10 बजे अपना अनशन तोड़ेंगे. दिल्ली के सुंदर नगर में रहने वाली पांच साल की सिमरन अन्ना को जूस पिलाकर उनका अनशन खत्म कराएगी. बताया जा रहा है कि ये बच्ची पिछले कई दिनों से अन्ना के समर्थन में रामलीला मैदान जाती थी.
सूत्रों से मिल रही खबर के मुताबिक पहले अन्ना अनशन खत्म करने के बाद सीधे अस्पताल जाएंगे.
पहले उनका राजघाट जाने का कार्यक्रम था लेकिन माना जा रहा है कि उनके स्वास्थ्य को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें रामलीला मैदान से सीधे अस्पताल ले जाने की सलाह दी है.
शनिवार को जब संसद के दोनों सदनों में पारित प्रस्ताव लेकर केंद्रीय मंत्री विलासराव देशमुख रामलीला मैदान पहुंचे तो वहां मौजूद हर शख्स में खुशी की लहर दौड़ गई.
कभी हां, कभी ना करते-करते दबाव में आई केंद्र सरकार ने आखिरकार अन्ना के मुताबिक लोकपाल बिल संसद के दोनों सदनों से पास करवा ही दिया.
अब इसे स्टैंडिंग कमेटी के पास भेजा जाएगा ताकि इसे भी सरकारी लोकपाल बिल में समाहित कर लिया जाए. इसके साथ ही देशभर में जश्न का दौर शुरू हो गया.
संसद में अन्ना की तीनों मांगें पूरी होने के बाद प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने अन्ना हजारे को एक चिट्ठी लिखी और अनशन तोड़ने की अपील की.
बारह दिन से अनशनरत सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने शनिवार को ऐलान किया कि वह रविवार सुबह दस बजे अपना अनशन खत्म करेंगे.
देशमुख करीब रात नौ बजे रामलीला मैदान पहुंचे थे और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का पत्र अन्ना को सौंपा. प्रधामनंत्री ने पत्र में अन्ना से कहा कि संसद के दोनों सदनों ने लोकपाल के विषय में उनके ओर से उठाये गए तीन मुद्दों पर ‘प्रस्ताव’ कर दिया है और वह अविलंब अपना अनशन तोड़ दें. देशमुख के साथ पूर्वी दिल्ली के सांसद संदीप दीक्षित भी थे.
अन्ना के अनशन समाप्त करने की घोषणा के बाद रामलीला मैदान समेत देशभर में जश्न मनाया जाने लगा.
रामलीला मैदान पटाखों और देशभक्ति के नारे से गूंज उठा. हर किसी के होठों से निकल पड़ा मैं भी अन्ना, तू भी अन्ना, अब तो सारा देश है अन्ना.

