लीबिया में गद्दाफी का इस्लामी विद्रोहियों के साथ गठजोड़ !
दुनिया, विशेष 6:49 pm
मुअम्मर गद्दाफी के प्रभावशाली पुत्र सैफ अल इस्लाम गद्दाफी ने न्यूयार्क टाइम्स से कहा कि उनके परिवार ने धर्मनिरपेक्ष विपक्ष को खदेड़ने के लिए इस्लामी विद्रोहियों के साथ समझौता किया है. धर्मनिरपेक्ष विपक्ष गद्दाफी के 40 साल से जारी शासन का विरोध कर रहा है.
सैफ अल इस्लाम गद्दाफी ने कहा, ''उदारवादियों को या तो भागना पड़ेगा या मारे जायेंगे...हम मिलकर ऐसा करेंगे." टाइम्स ने बताया कि यह साक्षात्कार आधी रात के समय करीब एक घंटे तक त्रिपोली होटल में लिया गया.
उन्होंने कहा, ''लीबिया सउदी अरब या ईरान की तरह दिखेगा. तो क्या?"
फर्राटेदार अंग्रेजी बोलने वाले सैफ पारंपरिक वस्त्र पहनकर साक्षात्कार स्थल पर पहुंचे. उन्होंने पूर्व के प्रमुख विद्रोही इस्लामी संगठन अली सलाबी से समझौता होने का दावा किया.
सलाबी ने टाइम्स से इस बातचीत की पुष्टि की लेकिन इस बात से इंकार किया कि पाला बदला गया है.
गद्दाफी सरकार काफी समय से विद्रोह को अल कायदा की साजिश बताती रही है और अपने आप को तेल बहुल इस अफ्रीकी देश में इस्लामी कट्टरपंथियों के सत्ता पर काबिज होने के मार्ग का अवरोध भी कहती है.
विद्रोहियों में कुछ इस्लामी शामिल हैं लेकिन उनका कहना है कि वे गद्दाफी सरकार को उखाड़ फेंकना चाहते हैं और लोकतांत्रिक सरकार स्थापित करना चाहते हैं.
गद्दाफी ने कहा कि इस्लामी संगठन जमीनी स्तर पर वास्तविक बल है और पश्चिमी शक्तियों को उनसे बात करनी होगी.
उन्होंने कहा, ''मैं जानता हूं कि वे आतंकवादी हैं. वे खूनी हैं. वे अच्छे नहीं हैं. लेकिन आपको उन्हें स्वीकार करना होगा."

