जनलोकपाल पर चर्चा के लिए लोकसभा अध्यक्ष को नोटिस
राजनीति, राष्ट्रीय 5:29 pm
संसद के निचले सदन लोकसभा में जनलोकपाल बिल पर चर्चा के लिए रास्ता साफ हो गया है.
पहले संसदीय कार्यमंत्री ने इस पर संदेह जताया था क्योंकि किसी सदस्य ने चर्चा का नोटिस नहीं दिया था.
लेकिन अब कांग्रेस के ही तीन सांसदों ने जनलोकपाल बिल पर चर्चा के लिए नियम 193 के तहत लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार को नोटिस दे दिया है.
इसके बाद संभावना बन रही है कि कुछ ही घंटों में लोकसभा में लोकपाल के विभिन्न मसौदों पर चर्चा शुरू हो जाएगी.
कल ही प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने सदन में कहा था कि सरकार जनलोकपाल बिल पर चर्चा के लिए तैयार है. इसके बाद मनमोहन सिंह ने अन्ना हजारे से अनशन तोड़ने की अपील की थी.
लेकिन अन्ना ने तीन शर्तें रखीं थी जिस पर सरकार राजी हो गई थी. अब इन मुद्दों को लोकसभा में उठाया जाएगा. ये तीन मुद्दे हैं- नौकरशाही के निचले स्तर को लोकपाल में शामिल करना, सरकारी विभागों में नागरिक चार्टर और हर राज्य में लोकायुक्त की नियुक्ति.

