बर्लुस्कोनी के इस्तीफे पर जश्न का माहौल
ताजा खबरें, दुनिया, राजनीति 1:46 pm
रोम। इटली के प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी ने यूरोजोन संकट के बीच अपना इस्तीफा दे दिया है। उनके इस्तीफे के बाद रोम में हजारों लोगों ने जश्न मनाया। बर्लुस्कोनी ने कल अपना इस्तीफा राष्ट्रपति जार्जियो नेपोलितानो को सौंप दिया, जिसके बाद जनता सड़कों पर उतर आई। लोगों ने इस खुशी में डांस किया और कारों के हॉर्न बजा बजाकर खुशियां मनाई।
पिछले 17 साल में से 10 साल तक सत्ता में रहे 75 वर्षीय बर्लुस्कोनी ने अपने कैबिनेट की अंतिम बैठक के बाद पत्रकारों से कहा, 'मेरा मन कड़वा हो गया है।'
बैठक के बाद उनके अभिवादन के बीच लोगों ने 'घर वापस जाओ' समेत कुछ और अपमानजनक नारे लगाए। एक व्यक्ति ने चिल्लाते हुए कहा, 'अब वापस नहीं आना।' तो दूसरे ने कहा, 'हम बहुत बहुत खुश हैं।'
रोम की सर्द रात में सड़क पर निकले 50 वर्षीय एक शख्स ने कहा, 'हम सब बहुत खुश हैं। हमने इस व्यक्ति को बहुत बर्दाश्त किया जिसने हमेशा अपने हितों के लिए काम किया। इटली बेहतर भविष्य की ओर बढ़ा है।' राष्ट्रपति नेपोलितानो आज सभी राजनीतिक शक्तियों से बात करेंगे जिसके बाद संभावना है कि पूर्व यूरोपीय संघ आयुक्त मारियो मोंती को नई सरकार का मुखिया चुना जा सकता है। बर्लुस्कोनी ने मंगलवार को घोषणा की थी कि यदि संसद यूरोपीय संघ से किए गए उनके वादे के अनुसार आर्थिक सुधारों के पैकेज को मंजूरी दे देती है तो वह इस्तीफा दे देंगे।
निवेशक कल तक नई सरकार के गठन के लिए दबाव बना रहे हैं ताकि बाजारों को समय से सुधार का मौका मिले। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष की अध्यक्ष क्रिस्टीन लगार्ड, अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा और फ्रास के राष्ट्रपति निकोलस सर्कोजी ने इटली से आह्वान किया है कि जल्दी चुनाव कराने के बजाय एक अंतरिम सरकार के गठन का फैसला जल्दी किया जाए।
हवाई में एशिय-प्रशात शिखरवार्ता की पूर्वसंध्या पर बोलते हुए ओबामा ने कहा, 'व्यापक यूरोपीय समुदाय में बाजारों को यह मजबूत आश्वासन देने के लिए काफी काम किया गया है कि इटली जैसे देश अपने आर्थिक संकट से उबर सकेंगे।'
इटली की संसद में आर्थिक सुधारों पर मतदान हुआ और विपक्षी सासदों ने बर्लुस्कोनी के इस्तीफे से राहत जताई। विपक्षी दल इटली ऑफ वेल्यूज पार्टी सासद मासिमो दोनादी ने कहा, 'हमें उम्मीद है कि आज का दिन इटली में नए बसंत की शुरूआत है।' मध्य रोम की सर्दीली रात में सड़कों पर एकत्रित भीड़ ने 'बाए-बाए सिल्वियो' जैसे वाक्य लिखे पोस्टर के साथ जश्न मनाया। मोटरबाइकों पर सवार लोगों के हाथ में इटली का झडा था।
कुछ बर्लुस्कोनी समर्थक भी थे जो 'सिल्वियो सिल्वियो' जैसे नारे लगा रहे थे। उनके समर्थकों ने कहा कि वे अपने प्रिय नेता के पद छोड़ने से दुखी हैं। बर्लुस्कोनी के विकल्प के रूप में 68 वर्षीय मोंटी का नाम आ रहा है जिनका राजनीतिक अनुभव शून्य है।

