सार्वजनिक क्षेत्र की इंडियन ऑयल बनी देश की सबसे बड़ी कंपनी
ताजा खबरें, व्यापार 1:14 pm
सार्वजनिक क्षेत्र की इंडियन ऑयल देश की सबसे बड़ी कंपनी बन गई है. इंडियन ऑयल को यह स्थान सालाना आय के आधार पर हासिल हुआ है.
भारत में फॉर्च्यून 500 कंपनियों में इंडियन ऑयल शीर्ष पर है. दूसरे स्थान पर रिलायंस इंडस्ट्रीज़ का नाम है. तीसरे पायदान पर भारत पेट्रोलियम है.
वैश्विक कारोबारी पत्रिका फॉर्च्यून के भारतीय संस्करण द्वारा तैयार की गई देश की 500 सबसे बड़ी कंपनियों की इस साल की सूची में 57 नयी कंपनियों ने अपनी जगह बनाई है.
इन सभी 500 कंपनियों का सामूहिक कारोबार 45,79,911.38 करोड़ रुपये है. इसमें सालाना 3,23,113.12 करोड़ रुपये की सालाना आय के साथ इंडियन ऑयल सबसे बड़ी कंपनी है, जबकि 2,72,923.36 करोड़ रुपये की आय के साथ आरआईएल दूसरे पायदान पर है. तीसरे स्थान पर आई भारत पेट्रोलियम की आय 1,56,580.12 करोड़ रुपये रही.
फॉर्च्यून इंडिया ने कहा कि आईओसी और रिलायंस इंडस्ट्रीज़ दोनों ही कंपनियां पिछले साल की तरह इस साल भी शीर्ष दो पायदान पर काबिज हैं.
वहीं, भारतीय स्टेट बैंक 1,47,843.92 करोड़ रुपये की आय के साथ चौथे स्थान पर रहा. अन्य कंपनियों में हिंदुस्तान पेट्रोलियम 5वें पायदान, टाटा मोटर्स छठे पायदान, ओएनजीसी सातवें पायदान, टाटा स्टील आठवें पायदान, हिंडाल्को नौवें पायदान और कोल इंडिया दसवें पायदान पर रही.
पत्रिका ने कहा कि देश की शीर्ष 500 कंपनियों की कुल बिक्री पिछले साल के मुकाबले 21.5 प्रतिशत बढ़ी है. हालांकि, लाभ की वृद्धि दर में अड़चन के कुछ संकेत मिलते हैं जो पिछले साल के 27.1 प्रतिशत से घटकर इस साल 21.6 प्रतिशत रह गया.

