केटरीना का ताजातरीन आइटम नम्बर 'चिकनी चमेली'
ताजा खबरें, मनोरंजन 3:44 pm
यह बात उनके ताजातरीन आइटम नम्बर 'चिकनी चमेली' से साबित होती है।
पूरा फिल्मी जगत इस गाने से मंत्रमुग्ध है. सभी मानने लगे हैं कि यह गाना करन जौहर की आगामी फिल्म 'अग्निपथ' की खास पहचान बनेगा और साथ ही 'शीला', 'मुन्नी' और 'जलेबी बाई' जैसे आइटम नम्बरों को दोयम साबित कर देगा.
राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता संगीतकार जोड़ी अजय-अतुल द्वारा संगीतबद्ध इस गाने को प्रतिभाशाली गायिका श्रेया घोषाल ने अपनी आवाज से सजाया है. यह गाना मराठी हिट गीत 'कोम्बाडी पालाली' का हिंदी रूपांतरण है.
इस गाने के बोल अमिताभ भट्टाचार्य ने लिखा है. अमिताभ ने इस गाने को अधिक से अधिक आकर्षक बनाने की कोशिश की है और वह अपने प्रयास में काफी हद तक सफल भी रहे हैं.
फिल्म में कोरियोग्राफी गणेश आचार्य की है, जो मंत्रमुग्ध करने वाली है. गणेश ने साबित किया है कि वह महाराष्ट्र के लोकनृत्य लावणी के उस्ताद हैं.
कैटरीना ने 'शीला की जवानी' जैसे बेहद सफल आइटम नम्बर के माध्यम से बॉलीवुड में एक मील का पत्थर स्थापित किया था लेकिन अब ऐसा लगता है कि वह अपने ही मील के पत्थर से आगे निकल जाएंगी क्योंकि अपने नए आइटम नम्बर में देसी अंदाज में गजब की आकर्षक दिख रही हैं.
करन ने कहा कि कैटरीना ने इस गाने के साथ पूरा न्याय किया है.
करन ने कहा, ‘मेरा मानना है कि इस गाने को जिस तरह तैयार किया गया है, उसे एक आला दर्जे की अभिनेत्री ही मुकाम तक पहुंचा सकती थी. जहां तक मेरी आगामी फिल्म के खास आकर्षण की बात है तो कैटरीना इस गाने में जिस अंदाज में दिखी हैं, वह बिल्कुल जुदा है.’
कैटरीना की इस सफलता से उनके पूर्व प्रेमी और सुपरस्टार सलमान खान भी प्रभावित हैं. सलमान इस गाने में कैटरीना के लुक से इतने प्रभावित हुए कि वह खुद को कैटरीना की तारीफ करने से नहीं रोक सके.
सलमान ने हाल ही में मुम्बई में कहा था, ‘मुझे इस गाने से प्यार हो गया है. मैंने कुछ दिन पहले ही इसे देखा है और मैं पूरी तरह हतप्रभ हूं. इस गाने को तैयार करने के लिए काफी मेहनत की गई है. मैं कैटरीना को सलाम करता हूं. वह एक शानदार अभिनेत्री के रूप में सामने आ चुकी हैं.’
इस गाने का 30 सेकेंड का प्रोमो कुछ दिन पहले एक मिनट लम्बे वीडियो के साथ यूट्यूब पर जारी किया गया था. तब से लेकर आज तक इसे 30 लाख लोग देख चुके हैं. इसे देखकर करन की खुशी का ठिकाना नहीं है.
करन ने कहा, ‘पूरा देश 'चिकनी चमेली' पर नाच रहा है और इस गाने को गा रहा है. इस कारण मैं इस गाने की सफलता को लेकर खासा उत्सुक हूं. यह गाना फिल्म के रिलीज होने से पहले ही बड़ा हिट बन चुका है.’

