लोकपाल पर आरजेडी प्रमुख लालू यादव ने दिया विस्फोटक बयान
ताजा खबरें, राजनीति, राष्ट्रीय 7:22 pm
लालू यादव ने सबसे पहले सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे के स्वास्थ्य पर चिंता जताई. उन्होंने कहा कि अन्ना के स्वास्थ्य को देखते हुए सभी को मिलकर ‘ऑल इंडिया अन्ना बचाव कमेटी’ बनानी चाहिए.
इसके बाद लालू ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की ईमानदारी पर विश्वास जताया.
लालू ने मजाकिया अंदाज में कहा कि मनमोहन सिंह अगर चाहें तो वह अपना पद छोड़कर लोकपाल का पद संभालें हम सभी मिलकर उनको चुनेंगे. उनकी इस बात पर पूरा सदन ठहाकों से गूंज उठा.
लोकसभा स्पीकर मीरा कुमार ने लालू के इस अंदाज पर कहा कि आप उधर नहीं इधर मुखातिब होकर बात करिए.
आरजेडी प्रमुख ने कहा कि अब यह हालत आ गयी है कि जनता द्वारा चुने हुए हम सभी लोग अब टीम अन्ना को जवाब देंगे.
इसके बाद लालू ने अन्ना का लिखा हुआ एक लेख सदन को दिखाते हुए कहा कि इसमें अन्ना ने लिखा है कि ‘जिन सेवकों को जनता चुनकर भेजती है वह मालिक बन जाते हैं. अगर लोग जागरूक नहीं हुए तो यह चुने हुए प्रतिनिधि देश के लिए आतंकवादियों से बड़ा खतरा बन जाएंगे’.
लालू ने कहा यह चिट्ठी मनगढ़ंत नहीं है बल्कि टीम अन्ना के ही एक सदस्य राजू पुरुलेकर ने हमें दिया है. उसने हमसे कहा है कि जब पानी सर से गुजरने लगे तभी इसकी चर्चा करना.
उन्होंने कहा देश में सभी धनाड्यों की भी संपत्ति की एक सीमा निर्धारित होनी चाहिए.
लालू ने कहा आप सभी ने सुना होगा कि महाभारत कालीन द्रोपदी के 5 पति थे लेकिन अब लोकपाल विधेयक में सीबीआई के 9 पति होने जा रहे हैं.
उन्होंने इस विधेयक पर आशंका व्यक्त करते हुए कहा कि अगर यह पारित हो गया तो हम सभी एमपी जेलों में होंगे.
लालू ने कहा कि कटेगरी ए,बी,सी सभी को लोकपाल के तहत करने की बात की जा रही है जोकि सरासर गलत है. सेना का जवान माइनस फोर डिग्री तापमान में ड्यूटी करता है और जो रेलवे में गिट्टी बटोरने का काम करते हैं उनपर भी यह थोपा जा रहा है जो बिल्कुल गलत है.
अन्त में लालू ने कहा कि टीम अन्ना का लोकपाल हम सभी के लिए एक डेथ वारंट के समान है.

