भाजपा को लोकपाल बिल से कोई मतलब नहीं सिर्फ राजनीतिक रोटी सेंक रही है !
ताजा खबरें, राजनीति, राष्ट्रीय 3:21 pm
केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री कपिल सिब्बल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर लोकपाल विधेयक को लेकर राजनीतिक रोटी सेंकने का आज मंगलवार को आरोप लगाया और चेतावनी दी कि अगर यह विधेयक पारित नही हुआ तो इसका विरोध करने वालों को देश माफ नही करेगा.
लोकपाल और लोकायुक्त विधेयक पर चर्चा के दौरान हस्तक्षेप करते हुये कपिल सिब्बल ने मुख्य रूप से भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उसने इस विधेयक को बनाने के लिए एक भी सकारात्मक सुझाव नही दिया और अब अन्ना हजारे का सहारा लेकर राजनीतिक लाभ उठाना चाहती है.
उन्होंने इस विधेयक को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि अगर इसका किसी ने विरोध किया तो सिटिजन चार्टर लोकायुक्त और ‘सी’ और ‘डी’ श्रेणी के कर्मचारियों को उचित तंत्र के माध्यम से लोकपाल के दायरे में लाने के लिए संसद ने सर्वसम्मति से जो प्रस्ताव किया था उसका उल्लंघन होगा तथा इतिहास उन्हें कभी माफ नही करेगा.
कपिल सिब्बल ने इस विधेयक को वापस लेने की मांग करने वाले भाजपा पर आरोप लगाया कि उसका मजबूत लोकपाल और लोकायुक्त के गठन से कोई लेना-देना नही है उसे तो सिर्फ इस मुद्दे पर राजनीतिक रोटी सेंकनी है.
