औस्ट्रेलिया से फिर शर्मनाक तरीके से पारी और 68 रनो से हारा भारत
क्रिकेट, खेल, ताजा खबरें 11:11 am
आस्ट्रेलिया के साथ सिडनी क्रिकेट मैदान पर खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के चौथे दिन शुक्रवार को भारत की पूरी टीम 400 रन बनाकर आउट हो गई. भारत की पूरी टीम दूसरी पारी में 400 रन बनाकर आउट हो गई. इस प्रकार भारत एक पारी और 68 रन से हारकर सीरीज में 2-0 से पिछड़ चुका है.
रविचंद्रन अश्विन आखिरी विकेट के रूप में 62 रन बनाकर आउट हुए. उमेश यादव 14 गेंदों का सामना करके बिना खाता खोले नाबाद रहे. इशांत शर्मा 11 रन बनाकर लिओन की गेंद पर पगबाधा आउट हुए. इससे पहले, भारत ने तीसरे दिन के खेल की समाप्ति तक दो विकेट के नुकसान पर 114 रन बनाए थे.
गुरुवार के नाबाद लौटे बल्लेबाज गौतम गम्भीर (68) और सचिन तेंदुलकर (8) ने चौथे दिन के खेल की शुरुआत की. गम्भीर और तेंदुलकर ने दिन की शुरुआत सम्भलकर की. दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 68 रनों की साझेदारी की.
गम्भीर को 83 रन के निजी योग पर पीटर सिडल ने डेविड वॉर्नर के हाथों कैच कराया. गम्भीर के आउट होने के बाद तेंदुलकर ने लक्ष्मण के साथ मिलकर पारी को सम्भालने की कोशिश की.
तेंदुलकर ने वी.वी.एस.लक्ष्मण के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 103 रन जोड़े. अपने 100वें अंतर्राष्ट्रीय शतक की ओर अग्रसर हो रहे तेंदुलकर को माइकल क्लार्क ने 80 रन के निजी योग पर माइकल हसी के हाथों कैच कराया. तेंदुलकर ने इस दौरान 141 गेंदों पर नौ चौके लगाए.
लक्ष्मण को 66 रन के निजी योग पर बेन हिल्फेनहास ने बोल्ड कर भारत को पांचवां झटका दिया. लक्ष्मण ने 119 गेंदों पर सात चौके लगाए.
कप्तान महेंद्र सिंह धौनी दो रन और विराट कोहली नौ रन बनाकर पवेलियन लौट गए. धौनी को हिल्फेनहास ने अपनी ही गेंद पर कैच आउट किया जबकि कोहली को जेम्स पैटिंसन ने पगबाधा आउट किया.
धौनी और कोहली का विकेट 286 रन के कुल योग पर गिरने के बाद जहीर खान और अश्विन ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर आठवें विकेट के लिए 56 रन जोड़े. तेज गति से रन बनाने के प्रयास में जहीर को सिडल ने शॉन मार्श के हाथों कैच कराया. जहीर ने 26 गेंदों पर पांच चौके और एक छक्के की मदद से 35 रन बनाए.
आस्ट्रेलिया की ओर से हिल्फेनहास ने सबसे अधिक चार जबकि सिडल ने दो और पैटिंसन तथा क्लार्क ने एक-एक विकेट चटकाए हैं.
उल्लेखनीय है कि भारत की पहली पारी में बनाए गए 191 रनों के जवाब में आस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी चार विकेट पर 659 रन पर घोषित की थी.

