भारतीय क्रिकेट टीम को सोशल नेटवर्किंग साइटों के इस्तेमाल से बचने की सलाह
क्रिकेट, खेल, ताजा खबरें 10:56 am
भारतीय क्रिकेट टीम प्रबंधन ने अपने खिलाड़ियों को सोशल नेटवर्किंग साइटों के इस्तेमाल से बचने की सलाह दी है. मध्यक्रम के बल्लेबाज विराट कोहली के सिडनी टेस्ट के दौरान दर्शकों की ओर अभद्र इशारा करने की अपनी हरकत को ट्विटर पर सही ठहराने से उठे विवाद के बाद यह निर्णय लिया गया है.
टीम प्रबंधन ने खिलाड़ियों को अनावश्यक विवादों से दूर रखने के लिए उन्होंने ट्विटर जैसी सोशल नेटवर्किंग साइटों का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी है.
टीम प्रबंधन का मानना है कि ऐसी साइटों पर हल्की-फुल्की टिप्पणी भी विवाद का रूप ले सकती है.
विराट ने सिडनी टेस्ट के दूसरे दिन दर्शकों की भड़काऊ टिप्पणियों से तंग आकर उनकी तरफ अभद्र इशारा किया था. अपनी हरकत का बचाव करते हुए उन्होंने ट्विटर पर कहा था "मैं इस बात से सहमत हूं कि क्रिकेटरों को दर्शकों की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया नहीं देनी चाहिए. लेकिन जब दर्शक आपकी मां-बहन पर टिप्पणी करें तो इसे सहन कर पाना आसान नहीं है."
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के मैच रेफरी रंजन मदुगले ने विराट को लेवल-दो के उल्लंघन का दोषी करार देते हुए मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना किया था.

