टीम अन्ना भारतीय जनता पार्टी का एक सहयोगी संगठन : श्रीप्रकाश जायसवाल
ताजा खबरें, राजनीति, राष्ट्रीय 11:03 am
जायसवाल ने शनिवार को कहा कि टीम अन्ना कांग्रेस की दुश्मन है और उसका एकमात्र मकसद केन्द्र में कांग्रेस को सत्ता से हटा कर भाजपा को सत्ता में बिठाना है लेकिन उसके यह मंसूबे पूरे नहीं हो पायेंगे क्योंकि जनता टीम अन्ना की असलियत जान चुकी है.
कानपुर के सांसद जायसवाल ने कानपुर में शनिवार को एक पत्रकार वार्ता में टीम अन्ना पर जमकर प्रहार किये. उन्होंने कहा कि अन्ना हजारे एक भोलेभाले और सीधे इंसान हैं और वह वाकई देश से भ्रष्टाचार हटाना चाहते है लेकिन उनकी टीम के कुछ सदस्य भारतीय जनता पार्टी से पूरी तरह से हाथ मिला चुके हैं.
उन्होंने कहा कि टीम अन्ना में एक वकील पिता पुत्र है जो जन्मजात कांग्रेस के दुश्मन है, एक महिला है जो दिल्ली की पुलिस कमिश्नर न बन पाने का गुस्सा उतार रही है और एक युवा नेता है जो पूर्व में एक अधिकारी थे उनके बारे में ऐसी जानकारी है कि वह कुछ समय पहले तक राष्ट्रीय स्वंक सेवक संघ (आरएसएस) की शाखा बैठको में हाफ पैंट पहन कर जाते थे.
जायसवाल ने कहा कि ऐसे लोगों से देश में एक सशक्त लोकपाल की उम्मीद कैसे की जा सकती है. टीम अन्ना की मंशा किसी भी तरह कांग्रेस को बदनाम कर भाजपा को केन्द्र की सत्ता में बैठाने की है.
उन्होंने कहा कि अन्ना हजारे की मंशा तो देश से भ्रष्टाचार को हटाने की है और वह एक मजबूत लोकपाल लाना भी चाहते हैं. कांग्रेस ने उनकी मांग का समर्थन करते हुये देश को एक सशक्त लोकपाल देने की कोशिश की लेकिन टीम अन्ना और भाजपा की मंशा कभी भी देश से भ्रष्टाचार हटाने और सशक्त लोकपाल लाने की रही ही नहीं.

