मुंबई में दो घंटे तक रुकी रही रेल यात्रा "कौवे" की वजह से
ताजा खबरें, रोचक खबर 11:14 am
मुंबई में कौवे की वजह से रेल यात्रियों को दो घंटे तक असुविधा का सामना करना पड़ा. मुंबई में रेल से रोजाना अपने काम पर जाने वाले लाखों लोगों को सोमवार को दो घंटे तक रेल सेवा बाधित रहने के कारण असुविधा का सामना करना पड़ा. रेल सेवा में यह बाधा एक कौवे के बिजली के तार से टकरा जाने के कारण हुई.
एक अधिकारी ने बताया कि बिजली के तार से छू जाने के कारण कौवा जल गया. सुबह 7.30 बजे दक्षिणी मुम्बई में मरीन लाइन स्टेशन पर रेल की पटरियों के किनारे तार के नजदीक एक खम्भे से उसका शव लटकता पाया गया.
अधिकारी ने बताया कि कौवा तेजी से उड़ता हुआ तार से जा टकराया, जिसके कारण शॉर्ट सर्किट हुआ और तार का एक हिस्सा टूट गया.
इसके कारण हालांकि कोई रेलगाड़ी रद्द नहीं की गई, लेकिन तेज गति की रेलगाड़ियों को धीमी गति के ट्रैक में बदल दिया गया, जिससे रेल सेवा 30 मिनट तक बाधित हुई. मरम्मत का काम तुरंत शुरू कर दिया गया और दो घंटे बाद सेवा सुचारु हो गई.

