Posted by रवि चौहान
ताजा खबरें,
दुनिया,
मनोरंजन
12:20 pm
मुंबई। शिरीष कुंदर निर्देशित ‘जोकर’में अक्षय कुमार नासा के एक बेहतरीन वैज्ञानिक के किरदार में हैं। फिल्म का आधार देखें तो वो काफी मजेदार है पर अफसोस शिरीष उसे ठीक से पेश करने में नाकाम रहे हैं।
फिल्म 'स्वदेस' की ही तरह अक्षय कुमार यानी अगत्सय अपने गांव पागलपुर लौटता है। अपने गांव को दुनिया के नक्शे पर लाने के लिए वो बनावटी एलियंस का सहारा लेता है। पर जैसे ही मीडिया और नेता इस हलचल के झांसे में आते है वहां आ पहुंचता है अक्षय का दुश्मन एक अमेरिकन वैज्ञानिक।
करीब 100 मिनट की जोकर अपने घिटे-पिटे जोक्स की वजह से काफी लंबी लगती है। जोकर को पूरी तरह से फेलियर कहना ठीक रहेगा पर एक बात की तारीफ फिर भी करनी पड़ेगी कि ये फिल्म अक्षय की पिछली कुछ फिल्मों के मुकाबले कम बुरी है।
भद्दे मजाकों से दूर ये फिल्म बच्चों के लिए अच्छी हो सकती थी। अक्षय अपने सीन को ईमानदारी से निभाते हैं, वहीं सोनाक्षी सिन्हा के लिए उनकी प्रेमिका बन सिर्फ खूबसूरत दिखने के अलावा ज्यादा कुछ नहीं है। मैं जोकर को पांच में से डेढ़ स्टार देता हूं। ये बिल्कुल भी मजेदार नहीं है।
Posted by रवि चौहान
खेल,
ताजा खबरें
12:19 pm
बेंगलुरू। न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने एम.चिन्नास्वामी स्टेडियम में जारी श्रृंखला के दूसरे और अंतिम टेस्ट मैच के चौथे दिन सोमवार को भारत के सामने 261 रनों का लक्ष्य रखा है। कीवी टीम दूसरी पारी में 248 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। पहली पारी में मेहमान टीम को 12 रनों की बढ़त प्राप्त थी। इससे पहले, पहली पारी में 365 रन बनाने वाली न्यूजीलैंड ने तीसरे दिन रविवार का खेल खत्म होने तक अपनी दूसरी पारी में नौ विकेट पर 232 रन बनाए थे।
कल के नाबाद लौटे बल्लेबाज जीतन पटेल (10) और ट्रेंट बोल्ट (शून्य) ने तीसरे दिन के खेल की शुरुआत की। पटेल अपनी कल की रन संख्या में 12 रन और जोड़कर 22 रन के निजी योग पर जहीर खान की गेंद पर विकेट कीपर महेंद्र सिंह धौनी को कैच थमा बैठे। बोल्ट चार रन पर नाबाद लौटे।
दूसरी पारी में न्यूजीलैंड के लिए तीसरे दिन ब्रैंडन मैक्लम 23, मार्टिन गुपटिल सात, केन विलियमसन 13, कप्तान रॉस टेलर 35, डेनियल फ्लिन 31, जेम्स फ्रेंकलिन 41 और क्रूगर वान विक 31, डग ब्रेसवेल 22 और टिम साउदी दो रन बनाकर आउट हुए थे।
भारत की ओर से दूसरी पारी में रविचंद्रन अश्विन ने पांच जबकि प्रज्ञान ओझा और उमेश यादव ने दो-दो विकेट झटके। जहीर के खाते में एक विकेट गया।
इससे पहले, भारत ने पहली में 353 रन बनाए थे जिनमें विराट कोहली 103,धौनी 62, सुरेश रैना 55, वीरेंद्र सहवाग 43, सचिन तेंदुलकर 17, चेतेश्वर पुजारा नौ, जहीर सात, उमेश चार और गौतम गम्भीर का दो रन शामिल है। ओझा खाता खोले बगैर आउट हुए थे जबकि अश्विन 32 रन पर नाबाद थे।
Posted by रवि चौहान
ताजा खबरें
12:18 pm
पटना। बिहार सरकार ने प्रदेश में अपराधियों की संपत्ति जब्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में जेल में बंद कुख्यात अपराधी रितलाल यादव की संपत्ति जल्द ही जब्त कर ली जाएगी।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने अपराधी रितलाल यादव की संपत्ति जब्त करने में संबंधित विभाग की मदद के लिए काम शुरू कर दिया है। पटना पुलिस मुख्यालय के अधिकारियों के अनुसार जिन अपराधियों की संपत्ति जब्त की जानी हैं, उनमें सबसे पहला नंबर रितलाल यादव का है।
बीते हफ्ते बिहार पुलिस प्रमुख अभयानंद ने कहा था कि अपराधियों से सख्ती से निपटने और अपराधों को रोकने के लिए कुख्यात अपराधियों की संपत्ति जब्त की जाएगी। अभयानंद ने कहा कि संपत्ति जब्त करने का काम प्रदेश के कुख्यात अपराधियों की सूची तैयार करने के बाद शुरू हुआ।
यह पहली बार है, जब बिहार में अपराधियों की संपत्ति जब्त की जा रही है। अभी तक राज्य सरकार केवल अधिकारियों और मध्यस्थों द्वारा बेईमानी से बनाई गई संपत्ति को जब्त करती थी।
Posted by रवि चौहान
ताजा खबरें
12:16 pm
नई दिल्ली। दिल्ली के मयूर विहार इलाके में बीती रात हुए हंगामे और बवाल के बाद फिलहाल शांति है। ट्रैफिक पुलिस की पिटाई से एक युवक की मौत की अफवाह से गुस्साए लोगों ने रविवार शाम जमकर आगजनी और तोड़फोड़ की। कुछ गाड़ियों के साथ-साथ एक पेट्रोल पंप को भी फूंकने की कोशिश की गई। भीड़ को काबू करने के लिए पुलिस को हवाई फायर तक करने पड़े। इस झड़प में पुलिस वालों समेत 29 लोग घायल हो गए। पुलिस का आरोप है कि भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने गोलियां भी चलाईं। फिलहाल हालात काबू में हैं और इलाके में शांति है। फिर भी पुलिस ने एहतियातन इलाके में चौकसी बना रखी है।
मिली जानकारी के मुताबिक मयूर विहार फेज थ्री में गाजीपुर कागज मंडी और खोड़ा कॉलोनी के पास स्थानीय पुलिस, बैरीकेड लगाकर जांच कर रही थी। इसी बीच पुलिसकर्मियों ने खोड़ा की ओर से बाइक से आ रहे एक युवक को रुकने का इशारा किया। लेकिन रुकने की बजाए युवक आगे बढ़ गया। आरोप है कि इसी बीच एक पुलिस वाले ने डंडा चला दिया, जिससे युवक मोटरसाइकिल समेत गिर पड़ा और बुरी तरह जख्मी हो गया।

लेकिन घटना की खबर इस तरह फैली कि लड़के की मौत हो गई है। हालांकि पुलिस के मुताबिक बाइक सवार फिलहाल अस्पताल में भर्ती है जहां उसका इलाज हो रहा है। लेकिन भीड़ का गुस्सा एक बार भड़का तो फिर कंट्रोल होने का नाम नहीं ले रहा था। आगजनी और पत्थरबाजी करती भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पहले पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े, फिर हवा में फायरिंग भी की। स्थानीय लोगों का आरोप ये भी है कि पुलिस ने भीड़ पर भी गोली चलाई। पुलिस इस आरोप की तस्दीक तो नहीं कर रही, लेकिन ये जरूर मान रही है कि हंगामे वाले इलाके से एक युवक की लाश मिली है। मगर उसकी मौत कैसे हुई इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस ने माना कि कम से कम दो लोग गोली लगने से जख्मी हुए हैं, जिन्हें जीटीबी और लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हंगामे के बाद से पुलिस ने पूरे इलाके की नाकाबंदी कर रखी है और आसपास के रास्ते आम लोगों के लिए बंद कर दिए। इसकी वजह से इस इलाके से होकर गुजरने वालों और यहां रहने वालों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। पेट्रोल पंप में आगजनी के बाद पुलिस ने मयूर विहार के सभी सीएनजी और पेट्रोल पंप बंद करवा दिए। रात भर हालात काबू में रहे। अब पुलिस हंगामे में शामिल और भीड़ को भड़काने वालों की तलाश है।
Posted by रवि चौहान
ताजा खबरें
12:15 pm
मुंबई। एमएनएस अध्यक्ष राज ठाकरे ने हिंदी मीडिया को जमकर निशाना बनाया है। बिहारियों के दिए अपने बयान को सही ठहराते हुए कहा कि अगर हिंदी न्यूज चैनल उन्हें निशाना बनाना नहीं छोड़ता है तो वो उस चैनल को महाराष्ट्र में नहीं चलने देंगे। उन्होंने कहा कि हिंदी मीडिया उनके बयानों को जानबूझकर तोड़ मरोड़कर पेश करती है।
राज ठाकरे का कहना है कि उन्होंने बिहार के लोगों के बारे में कोई गलत बात नहीं की है। उन्होंने कहा आखिर महाराष्ट्र पुलिस बिहार क्यों नहीं जा सकती। राज ठाकरे ने ये भी कहा कि आखिरकार आरोपी मुंबई से भागकर बिहार ही क्यों भागते हैं।
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के गृहमंत्री आर आर पाटिल को कुछ पता नहीं होता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता दिग्विजय सिंह को पार्टी ने सिर्फ गाली देने के लिए रखा है।
गैरतलब है कि शनिवार को एमएनएस चीफ राज ठाकरे ने धमकी दी थी कि अगर मुंबई अमर जवान ज्योति तोड़ने वाले युवक को बिहार से गिरफ्तार कर लाई मुंबई पुलिस पर बिहार सरकार ने कानूनी कार्रवाई की तो वो महाराष्ट्र में रह रहे सभी बिहारियों को घुसपैठिया करार देकर उन्हें खदेड़ देंगे। ठाकरे ने कहा था कि अगर बिहार सरकार पुलिस की जांच में रोड़े अटकाएगी तो उनकी पार्टी महाराष्ट्र में हर बिहारी को घुसपैठिया करार देगी और उन्हें भागने के लिए मजबूर कर देगी।
Posted by रवि चौहान
एन सी आर,
ताजा खबरें
12:13 pm
नई दिल्ली। गिरफ्तारी देने के लिए टीम केजरीवाल संसद मार्ग थाने के अंदर पहुंच गई है। गिरफ्तारी की अगुवाई कर रहे अरविंद केजरीवाल ने कहा कि वो खुद से जमानत नहीं लेंगे। केजरीवाल का आरोप है कि दिल्ली पुलिस बेवजह आंदोलनकारियों को परेशान कर रही है। वहीं भीड़ को ध्यान में रखते हुए संसद मार्ग थाने में भारी तादाद में पुलिस बल तैनात कर दी गई है।
दरअसल 26 अगस्त को हुए आंदोलन के बाद दिल्ली पुलिस ने अरविंद और उनके साथियों के खिलाफ पांच मामले दर्ज किए थे। इसके अलावा सैंकड़ों वोलेंटियर को हिरासत में भी लिया था। अरविंद और उनके साथी इसी का विरोध कर रहे हैं।
इस बीच अन्ना हजारे ने साफ कहा है कि उनकी टीम में कोई मतभेद नहीं है। उन्होंने साफ कहा कि टीम में मतभेद की कोई गुंजाइश नहीं है और टीम के सभी लोग भ्रष्टाचार के खिलाफ सक्रिय तौर पर लड़ाई लड़ते रहेंगे। गौरतलब है कि किरण बेदी और अरविंद केजरीवाल में लगातार मतभेद की बातें सामने आती रही हैं।
वहीं किरण बेदी आज भी केजरीवाल के गिरफ्तारी अभियान में शामिल नहीं होंगी, उन्होंने ट्वीट किया है कि वो आज के इस आंदोलन में शामिल नहीं, उन्होंने लिखा है कि वो गैरराजनीतिक हैं और हमेशा आंदोलन, अभियान और मुद्दों के साथ रहेंगी, कई लोग आंदोलन के साथ बने रहते हैं और उनका पूरा ध्यान उन्हीं चीजों में रहता है मैं भी उन्हीं में से एक हूं। मालूम हो कि किरण बेदी ने पिछले दिनों भी आंदोलन में शामिल नहीं हुई थीं और उन्होंने साफ कहा कि उनकी मंशा किसी तरह की राजनीति करना नहीं है।
अरविंद केजरीवाल के साथ गिरफ्तारी देने उनके सहयोगी मनीष सिसौदिया, संजय सिंह, गोपाल राय और कुमार विश्वास भी पहुंचे हैं। अरविंद और उनके साथियों का आरोप है कि 26 अगस्त के आंदोलन में शामिल रहे उनके तमाम सहयोगियों को पुलिस प्रताड़ित कर रही है। गिरफ्तारी इसी के विरोध में दी जा रही है।
पुलिस पिछले कुछ दिनों से अरविंद के संगठन इंडिया अगेंस्ट करप्शन के वोलेंटियर्स को पूछताछ लिए बुला रही है। सोमवार को भी पुलिस ने करीब 40 वोलेंटियर्स को पूछताछ के लिए बुलाया है। वहीं पुलिस ने अरविंद और उनके सहयोगियों के खिलाफ 26 अगस्त के आंदोलन के बाद पांच एफआईआर दर्ज की थी। जिसमें दंगा फैलाने, सरकारी कामकाज में बाधा डालने समेत कई आरोप लगाए थे।
Posted by रवि चौहान
ताजा खबरें,
दुनिया
12:10 pm
श्रीनगर । कश्मीर के गांदेरबल जिले में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए हैं। यह जानकारी पुलिस ने दी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि 24 राष्ट्रीय राइफल्स और राज्य पुलिस ने चत्तरगुल वन क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया। वन क्षेत्र में छुपे आतंकवादी ने इस दौरान गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद जवानों ने जवाबी गोलीबारी की जिसमें आतंकवादी की मौत हो गई।
अधिकारी ने बताया कि इससे पहले की गई कार्रवाई में एक विदेशी आतंकवादी मारा गया था। मारे गए दूसरे आतंकवादी की पहचान अभी नहीं हो पाई है। उन्होंने बताया कि इलाके में आतंकवादियों की गतिविधियों का पता लगाने के लिए सुरक्षाबल हेलीकॉप्टरों की मदद भी ले रहे हैं। चतरगुल यहां से करीब 40 किलोमीटर दूर है।
मुठभेड़ शनिवार सुबह शुरू हुई, जब एक सुराग हाथ लगने पर सुरक्षाबलों ने चतरपुर वन इलाके की घेराबंदी की।
अधिकारी के अनुसार सुरक्षाकर्मियों ने जब आतंकवादियों को चुनौती दी, तो उन्होंने गोलीबारी शुरू कर दी। अभी तक इस बात की आधिकारिक जानकारी नहीं मिल सकी है कि क्या आतंकवादियों के इस गुट ने कश्मीर घाटी में हाल ही में घुसपैठ की थी या वह लम्बे अर्से से इलाके में सक्रिय थें।