पृथ्वी-2 मिसाइल का सफल परीक्षण
7:41 pm
भुवनेश्वर, आँखों देखी न्यूज़ : भारत ने स्वदेशी तकनीक से निर्मित पृथ्वी-2 मिसाइल का गुरुवार को उड़ीसा के एक सैन्य ठिकाने से सफल परीक्षण किया। यह मिसाइल परमाणु हथियार वहन करने में सक्षम है। रक्षा सूत्रों के मुताबिक सतह से सतह पर 350 किलोमीटर की दूरी तक मार करने वाली इस मिसाइल का परीक्षण बालासोर जिले के चांदीपुर में एकीकृत परीक्षण रेंज से किया गया। इसका परीक्षण सशस्त्र सेनाओं द्वारा नियमित अभ्यास के अंतर्गत किया गया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "इस मिसाइल ने बंगाल की खाड़ी में निर्धारित लक्ष्य को सटीकता पूर्वक भेद दिया। विभिन्न राडारों और उपकरणों से मिसाइल के उड़ान पथ का पूरी तरह निरीक्षण किया गया।" यह मिसाइल 483 सेकेंड तक उड़ान भरने और 43.5 किलोमीटर की ऊंचाई तक पहुंचने के साथ 500 किलोग्राम का विस्फोटक सामग्री ले जाने में सक्षम है। रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन के वैज्ञानिकों ने इस परीक्षण का अवलोकन किया।

