लखनऊ: मायावती और रामदेव दोनों एक ही सिक्के के दो पहलू
राजनीति 8:51 pm
लखनऊ में मंगलवार को कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों को संबोधित करते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा है कि पार्टी उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में किसी भी पार्टी से गठबंधन नहीं करेगी.
दिग्विजय सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश में चुनाव के लिए पार्टी उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा कर रही है. चुनाव में युवाओं और नए चेहरों को मौका दिया जाएगा.
उन्होंने कहा कि रामदेव उत्तर प्रदेश में अनशन पर बैठने को आतुर हैं, जबकि उन्हें वहां भ्रष्टाचार नजर नहीं आ रहा है. ऐसा लगता है कि मायावती और रामदेव दोनों एक ही सिक्के के दो पहलू हैं.
दिग्विजय सिंह ने तल्ख अंदाज में कहा कि यूपी में माफियाराज है. उन्होंने कहा कि प्रदेश की नई जमीन अधिग्रहण नीति में कई खामियां हैं, जिन्हें दूर करने की जरूरत है. प्रदेश में सत्ताधारी पार्टी पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि बसपा नेताओं के खिलाफ चार्जशीट तैयार किया जाएगा.
राजघाट पर सुषमा स्वराज के नाचने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए दिग्विजय सिंह ने भारतीय जनता पार्टी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि भाजपा नाचने और गाने वालों की पार्टी है.
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के पूज्य स्थल को भाजपा ने नाचने की जगह बना दिया है. भाजपा के नेताओं को अपनी इस हरकत के लिए शर्म आनी चाहिए. भाजपा के नेताओं के दिल में किसी के लिए सम्मान नहीं है. आखिर उन्हें अचानक राजघाट जाने की याद कैसे आ गई.

