गाजियाबाद : उघाई करते चार पुलिस कर्मी निलंबित
7:13 pm
गाजियाबाद , आँखों देखी संवाददाता : एसएसपी रघुबीर लाल ने पीसीआर-11 पर तैनात सिपाहियों को अवैध वसूली करते रंगे हाथ पकड़ लिया। उन्होंने उगाही के आरोप में एक हेड कांस्टेबल व तीन सिपाहियों को निलंबित कर दिया है।
सोमवार को नोएडा में पुलिस के उच्च अधिकारियों की एक बैठक थी। एसएसपी रघुबीर लाल पुलिस ऑफिस से ही बैठक में शामिल होने के लिए निकल गए। उनकी गाड़ी जैसे ही कविनगर थाना क्षेत्र स्थित बुलंदशहर रोड औद्योगिक क्षेत्र से होकर निकली तो उन्होंने देखा कि पीसीआर-11 एक पेड़ के नीचे खड़ी थी और पीसीआर से सिपाही गायब थे। सभी सिपाही सड़क के दूसरी ओर एक ट्रैक्टर चालक के नजदीक खड़े हुए हैं। एसएसपी ने उनके स्कवायड में चल रही गाड़ी में सवार एक सिपाही को मौके पर भेजा और मामले की जानकारी करवाई। जांच में पाया कि पीसीआर पर तैनात सिपाही ट्रैक्टर चालक से अवैध उगाही कर रहे थे।
एसएसपी ने पुलिस कंट्रोल रूम को मैसेज फ्लैश करके पुलिसकर्मियों के नामों की जानकारी ली। इसके बाद पीसीआर के हेड कांस्टेबल अजय कुमार, कांस्टेबल सत्यपाल सिंह, भारत वीर व चालक गुलशेर को निलंबित कर दिया। वायरलेस पर निर्देश दिए गए कि यदि पीसीआर पर तैनात सिपाही कहीं अन्य स्थानों पर दिखाई दिये तो उन पर मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।

