योग गुरु बाबा रामदेव की सेहत और बिगड़ी, चालू रहेगा अनशन
आध्यात्म, राजनीति 2:08 pm
योग गुरु बाबा रामदेव की सेहत आज और ज्यादा बिगड़ गई जबकि उनका अनशन लगातार सातवें दिन भी जारी रहा। हरिद्वार के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) योगेश कुमार शुक्ला ने बताया कि टीम ने स्थिति पर गौर किया है। वह निर्जलीकरण से पीड़ित हैं और उनकी हालत बिगड़ी है। हमने उन्हें ह्दय सम्बंधी निरीक्षण के लिए अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी है। उनका वजन 1.5 किलोग्राम कम हुआ है शनिवार से लेकर अब तक उनका वजन 5.5 किलोग्राम कम हुआ है।
डॉक्टरों के कहने पर नींबू पानी लिया था
सीएमओ के मुताबिक बाबा रामदेव की सेहत अभी भी नाजुक है और गुरुवार को उन्होंने चिकित्सकों के अनुरोध पर नींबू पानी और शहद लिया था। योग गुरु ने भ्रष्टाचार और काले धन के खिलाफ पिछले सप्ताह दिल्ली के रामलीला मैदान में आमरण अनशन शुरू किया था लेकिन शनिवार देर रात उन्हें जबरन वहां से हटा दिया गया था।
बाबा के अनशन का आज सातवां दिन
इससे पहले बाबा को अनशन तोड़ने से मनाने के लिए आज श्री श्री रविशंकर और मोरारी बापू हरिद्वार जाएंगे। आज बाबा के अनशन का सातवां दिन है। बृहस्पतिवार को हरिद्वार के डीएम भी बाबा से मिले और उनसे अनशन तोड़ने का आग्रह किया था। लेकिन बाबा अपना अनशन तोड़ने को तैयार नहीं हैं।
खराब होती जा रही है बाबा की हालत
हरिद्वार प्रशासन के आग्रह पर बाबा सिर्फ नींबू पानी और शहद लेने पर राजी हुए हैं। लेकिन बाबा की हालत लगातार खराब होती जा रही है। बाबा की बिगड़ती हालत को देखते हुए आज श्री श्री रविशंकर और मोरारी उनसे मिलकर अनशन खत्म करने का आग्रह करेंगे।

