पाकिस्तान में बम विस्फोट, ३५ लोगो की मौत
दुनिया 7:50 pm
पेशावर, आँखों देखी न्यूज़ : पाकिस्तान में पेशावर के एक बाजार में दो विस्फोटों में कम से कम 35 लोग मारे गए हैं और 100 से अधिक लोग घायल हुए हैं। ये दोनों विस्फोट खैबर-पख्तूनख्वा प्रांत की राजधानी पेशावर के खैबर सुपर मार्केट में शनिवार रात हुए। यह प्रांत पिछले कई सालों से आतंकियों के निशाने पर है।
बम निरोधक दस्ते शफकत मलिक ने संवाददाताओं से कहा कि दूसरा विस्फोट मोटरसाइकिल पर सवार एक आत्मघाती हमलावर ने किया। पुलिस का कहना है कि हमलावर का सिर और शरीर के कुछ अन्य हिस्से बरामद किए गए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि हमले में 35 लोगों की मौत हो गई, जबकि 100 से अधिक घायल हुए हैं। लेडी रीडिंग अस्पताल के अधिकारियों के मुताबिक, घायलों में से 21 की हालत गंभीर है। चिकित्सकों ने लोगों से रक्तदान की अपील की है।
एसएसपी [ऑपरेशंस] इजाज अहमद खान ने बताया कि पहला विस्फोट कम तीव्रता का था, जिसमें कुछ ही लोग घायल हुए थे। दूसरे विस्फोट के समय तक बड़ी संख्या में संवाददाताओं और पुलिसकर्मियों समेत काफी लोग वहां एकत्र हो चुके थे। दोनों विस्फोट देर रात कुछ ही मिनटों के अंतराल में हुए।
मारे गए लोगों में एक पत्रकार भी है। घायलों में दो अधिकारियों समेत आठ पुलिसकर्मी शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक विस्फोट की अब तक किसी संगठन ने जिम्मेदारी नहीं ली है। इलाके में बिजली नहीं होने से राहत कार्यो में बाधा आ रही है। सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी करके खोज अभियान शुरू कर दिया है।
विस्फोट के समय बाजार में खासी भीड़ थी। इस बाजार में कई होटल हैं। टीवी पर दिखाए फुटेज में मलबा और खून से सने कपड़े दिखाई दे रहे हैं। विस्फोट से बिजली का एक ट्रांसफॉर्मर भी प्रभावित हुआ है। आग ने कई नजदीकी इमारतों को भी अपनी चपेट में ले लिया।

