मुरादनगर: किसान की गोली मरकर हत्या
7:53 pm
मुरादनगर, आँखों देखी न्यूज़ : मुरादनगर थाना अंतर्गत जलालाबाद गांव स्थित एक फार्म हाउस में एक किसान पर गोलियां चलाकर हत्या कर दी। हत्यारों ने उसके चेहरे पर किसी वजनी वस्तु से प्रहार करके चेहरा भी बिगाड़ दिया। किसान गाजियाबाद के महरौली का निवासी था। हत्या की वारदात से गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने अज्ञात लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
गाजियाबाद के थाना कविनगर अंतर्गत महरौली गांव निवासी नेत्रपाल सिंह की मुरादनगर के जलालाबाद गांव में 65 बीघा भूमि है। जमीन में कृषि फार्म हाउस बना रखा है। नेत्रपाल ने इस भूमि को महरौली निवासी कृष्णपाल पुत्र सरदार सिंह को ठेके पर दे रखी है। कृष्णपाल ही कई वर्षो से खेती कर रहा था। बताया जा रहा है कि कृष्णपाल पिछले कई वर्षो से अपने घर भी नहीं जा रहा था और दिन-रात फार्म हाउस पर ही रहता था। शनिवार को फार्म में ताबड़तोड़ गोलियां चलने की आवाज आई। गोलियों की आवाज सुनकर ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े तो लोगों ने देखा कि एक खेत में कृष्णपाल का खून से लथपथ शव पड़ा हुआ था। उसका चेहरा बुरी तरह से कुचला हुआ था। शव की स्थिति से पता लगा रहा था कि ताबड़तोड़ गोलियों से हमला कर उसके चेहरे को भी बुरी तरह कुचला गया है। हत्यारों ने उसकी हत्या बड़ी क्रूरता से की थी।
मजदूरों ने इस वारदात की सूचना गांव में जाकर दी तथा ग्रामीणों ने हत्या की सूचना स्थानीय पुलिस और फार्म हाउस के मालिक नेत्रपाल सिंह को दी। ग्रामीणों को सूचना के घंटों बाद स्थानीय पुलिस वारदात स्थल फार्म हाउस पर पहुंची तथा ग्रामीणों व मजदूरों से पूछताछ की तथा शव का पंचनामा भर किसान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। किसान की हत्या की सूचना पर पुलिस क्षेत्राधिकारी राजेश भारती ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा स्थानीय पुलिस को शीघ्र हत्यारों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। पुलिस ने बताया कि हत्या का मामला अज्ञात में मृतक के भाई सुरेश पाल ने दर्ज कराया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि हत्या के संबंध में कुछ महत्वपूर्ण सुराग लगे हैं। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

