पटना : डॉक्टर हत्याकांड की होगी सीबीआई जांच
6:15 pm
पटना, आँखों देखी संवाददाता : बिहार के गोपालगंज जिले में मंडल कारागार में जेल चिकित्सक भूदेव सिंह की कैदियों द्वारा पिटाई के कारण मौत के मामले में राज्य सरकार ने सीबीआई जांच कराने का फैसला किया है।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को कहा कि मामले की गंभीरता और मृतक के परिजनों की मांग को देखते हुए सरकार ने इस घटना की जांच सीबीआई से कराने का निर्णय किया है। सीबीआई जांच की सिफारिश कर दी गई है। बीते 29 मई को जेल चिकित्सक भूदेव सिंह की कैदियों ने जेल के भीतर पिटाई कर दी थी, जिससे गंभीर रूप से घायल अधिकारी की इलाज के लिए पटना लाते वक्त मौत हो गई थी।
गृह विभाग के प्रधान सचिव आमिर सुबहानी ने गोपालगंज के चनावे जेल जाकर मामले की जांच की थी और सरकार को अपनी रिपोर्ट सौंपी थी। इस मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने तीन जून को बिहार के मुख्य सचिव को जवाब तलब किया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि चिकित्सक के परिजनों ने उनसे मुलाकात कर सीबीआई जांच की मांग की थी। मुख्यमंत्री ने तीन जून को अररिया जिले में फारबिसगंज में गोलीकांड में चार लोगों की मौत की न्यायिक जांच कराने का निर्णय किया है।
नीतीश कुमार ने कहा कि कोसी नदी में बाढ़ की तैयारियों के मद्देनजर आपदा प्रबंधन तथा जल संसाधन विभाग मुस्तैद है और जलमग्न होने वाले क्षेत्रों की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि कोसी नदी की बाढ़ की आशंका की स्थिति से निपटने के लिए आपदा प्रबंधन विभाग और जल संसाधन विभाग के इंजीनियरों ने कमर कस ली है। जिन स्थानों पर बाढ़ आ सकती है वैसे खतरे वाले क्षेत्रों की पहचान की जा रही है।
वहीं, बाबा रामदेव प्रकरण के बाद देश में मचे राजनीतिक उथल-पुथल के मद्देनजर मध्यावधि चुनाव की संभावना से बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इंकार किया। भ्रष्टाचार और कालाधन के मुद्दे को लेकर अनशन पर बैठे योगगुरु बाबा रामदेव के खिलाफ कार्रवाई की आलोचना करते हुए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि इस कदम के लिए केंद्र सरकार को जनता को जवाब देना होगा।

