नई दिल्ली : कालेधन और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सफाई देगी कांग्रेस
राजनीति 4:58 pm
नई दिल्ली, आँखों देखी संवाददाता : कालेधन और भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर विपक्ष और सिविल सोसाइटी के हमलों से चौतरफा घिरी केंद्र सरकार भले ही अनशन पर बैठे योगगुरु बाबा रामदेव और समाजसेवी अन्ना हजारे के खिलाफ सख्ती दिखा रही हो, लेकिन जनता के बीच इसके सियासी खतरे से डरी कांग्रेस ने अपनी खीझ उतारने के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा को सीधे अपने निशाने पर ले लिया है।
केंद्र की कांग्रेस नीत मनमोहन सरकार के बचाव में उतरी पार्टी ने मौजूदा अनशन और आंदोलनों को अलोकतांत्रिक एवं संघ का सांप्रदायिक एजेंडा साबित करने के लिए जून में पार्टी पूरे देश में जन रैली और प्रेसवार्ताएं करने का एलान किया है। कांग्रेस का मकसद जन जागरूकता अभियान के जरिए देश भर में न केवल सरकार का पक्ष रखना है, बल्कि इसके सहारे पार्टी की तैयारी सिविल सोसाइटी की तरफ से परचों में उठाए जा रहे सवालों का जवाब देने की भी है
