नई दिल्ली : दिनेश व बलविंदर क्यूबा टूर्नामेंट से बहार
7:08 pm
नई दिल्ली, आँखों देखी संवाददाता : एशियाई खेलों के रजत पदक विजेता दिनेश कुमार [81 किलो] और बलविंदर बेनीवाल [69 किलो] क्यूबा में चल रहे 41वें गिराल्डो कोर्डोवा कार्डिन स्मृति मुक्केबाजी टूर्नामेंट के पहले दौर में हारकर बाहर हो गए।
वेल्टर वेट वर्ग में बलविंदर को क्यूबा के रोनियल इग्लेसियस ने हराया। बीजिंग ओलंपिक 2008 के कांस्य पदक विजेता और मिलान विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाले रोनियल ने अंकों के आधार पर 26-12 से जीत दर्ज की। ओलंपियन दिनेश कुमार को ब्राजील के यामागुची फ्लोरेंटिनो ने अंकों के आधार पर 24-14 से हराया। राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता सुरंजय सिंह, कांस्य पदक विजेता अमनदीप सिंह, एशियाई खेलों के रजत पदक विजेता ननाओ सिंह और शिवा थापा रविवार को रिंग में उतरेंगे। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में 14 देशों के 100 मुक्केबाज भाग ले रहे हैं। इससे पूर्व टूर्नामेंट के पहले दिन भारत के चार मुक्केबाज संतोष हरिजन [52 किग्रा], कुलदीप सिंह [75 किग्रा], मनप्रीत सिंह [91 किग्रा] और परमजीत समोटा [91 किग्रा से ज्यादा] ने आसानी से जीत हासिल कर दूसरे दौर में प्रवेश किया था।

