नई दिल्ली : कल आ सकते है अन्नाहजारे रामदेव के साथ
रोचक खबर 7:29 pm
नई दिल्ली। विदेशों में जमा कालेधन को वापस लाने के मुद्दे पर शनिवार से शुरू बाबा रामदेव के अनशन स्थल रामलीला मैदान के मंच पर रविवार को गाधीवादी अन्ना हजारे तथा उनके साथी भी नजर आ सकते हैं।
गौरतलब है कि रामदेव के अनशन शुरू करने से पहले हजारे ने भी बीते अप्रैल में जंतर मंतर पर भ्रष्टाचार के मुद्दे पर ही चार दिन का अनशन किया था, जिसके बाद सरकार ने उनकी मागों के आगे झुकते हुए लोकपाल मसौदा संयुक्त समिति का गठन किया। हजारे के भ्रष्टाचार विरोधी आदोलन 'इंडिया अगेन्स्ट करप्शन' के अनुसार, गाधीवादी कार्यकर्ता अपनी कोच्चि की यात्रा अवधि में कटौती कर रामदेव के समर्थन में कल रामलीला मैदान पहुंच सकते हैं।
संगठन के प्रवक्ता और हजारे के करीबी मनीष सिसौदिया ने कहा कि हजारे को कोच्चि में दो दिन रहना था, लेकिन अगर रामदेव का अनशन जारी रहता है तो गाधीवादी उनके समर्थन में कोच्चि का दौरा बीच में छोड़कर रविवार को दिन में दिल्ली पहुंच सकते हैं। हजारे के रामलीला मैदान जाने पर उनके साथी कार्यकर्ता अरविंद केजरीवाल और किरण बेदी भी अनशन स्थल पर पहुंचेंगे।
पिछले दिनों ही हजारे ने रामदेव के अनशन पर जाने के फैसले का समर्थन किया था, लेकिन साथ ही उन्हें आगाह भी किया था कि सरकार 'दगाबाजी' कर सकती है।

