मुम्बई :स्टंटमैन का सम्मान करते हैं अक्षय कुमार
8:01 pm
मुंबई,आँखों देखी न्यूज़ : बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार स्टंटमैन का बहुत सम्मान करते हैं। वह कहते हैं कि थोड़े से पैसे के लिए अपनी जिंदगी जोखिम में डालने वाले स्टंटमैन का सम्मान होना चाहिए। अक्षय कहते हैं कि यदि वह अभिनेता नहीं होते तो एक स्टंटमैन होते।
अक्षय ने कहा, स्टंट एक कला है। जब हम स्टंटमैन को ऊंची उड़ान भरते या ऊंची इमारत से कूदते देखें तो हमें उनका सम्मान करना चाहिए। उन्हें 6,000 रुपये से भी कम पैसा दिया जाता है। उनके लिए बहुत सम्मान होना चाहिए। मैं गर्व के साथ कह सकता हूं कि यदि मैं अभिनेता न बनता तो मैं एक स्टंटमैन होता। यह कुछ अच्छे कामों में से एक काम है।
अक्षय रिएलिटी शो खतरों के खिलाड़ी की मेजबानी के साथ एकबार फिर छोटे पर्दे पर लौट रहे हैं। वह शो के चौथे संस्करण की मेजबानी करेंगे। लगभग पांच साल बाद स्टंट कर रहे अक्षय ने कहा, मैंने लगभग पांच साल बाद यह स्टंट किया है। इसमें जमीन से 15 फीट ऊपर कार फेंकना, तेल का टेंकर फाड़ना और इसे जमीन पर दुर्घटनाग्रस्त कर देने जैसे स्टंट शामिल हैं। ये बहुत कठिन स्टंट थे। मैंने इन स्टंट्स में अपने पूरे अनुभव का इस्तेमाल किया।
कलर्स चैनल पर शुक्रवार से इस शो का प्रसारण शुरू हो जाएगा। अक्षय ने शो के पहले दो संस्करणों की भी मेजबानी की थी जबकि तीसरे संस्करण की मेजबानी अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने की।

