नई दिल्ली : चांदी की गिरावट का सिलसिला हुआ खतम
8:26 pm
नई दिल्ली, आँखों देखी संवाददाता : चांदी में बीते तीन सत्रों से जारी गिरावट का सिलसिला शनिवार को थम गया। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मजबूती के बीच निवेशकों ने इस सफेद धातु में लिवाली की। इससे चांदी 450 रुपये चढ़कर 54 हजार 450 रुपये प्रति किलो हो गई। तीन सत्रों में यह 4,300 रुपये टूटी थी।
इसी प्रकार सोना 110 रुपये की बढ़त के साथ 22 हजार 780 रुपये प्रति दस ग्राम पर बंद हुआ। हालांकि, चांदी सिक्का में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। यह 8 हजार रुपये टूटकर 59000-60000 रुपये प्रति सैकड़ा बोला गया।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 9.70 डॉलर सुधरकर 1542.40 डॉलर प्रति औंस हो गया। चांदी भी बढ़त के साथ 36.29 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुई। इसका असर घरेलू बाजार की कारोबारी धारणा पर भी पड़ा। शादी-ब्याह की मांग को पूरा करने के लिए आभूषण निर्माताओं की लिवाली से भी सोने को समर्थन मिला।
स्थानीय सराफा बाजार में सोना आभूषण के दाम 110 रुपये सुधरकर 22 हजार 660 रुपये प्रति दस ग्राम हो गए। गिन्नी पूर्वस्तर 18 हजार 700 रुपये प्रति आठ ग्राम पर यथावत रही। चांदी साप्ताहिक डिलीवरी के भाव 740 रुपये उछलकर 54 हजार 390 रुपये प्रति किलो बोले गए।

